कच्छा पहनने पर फैक्ट्री कर्मी की चाकू से गोदकर हत्या, साथी पर आरोप
कानपुर देहात के रनियां स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में मजदूर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी। आरोप है कि अपना कच्छा पहनने से गुस्साए उसके साथी ने ही उसे मौत की घाट उतारा। पुलिस हत्यारोपित की तलाश कर रही है।
कानपुर, जेएनएन। कानपुर देहात के रनियां स्थित फैक्ट्री के अंदर एक कर्मचारी ने अपने ही साथी कर्मी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और भाग निकला। हत्या के पीछे वजह सिर्फ इतनी रही कि हत्यारोपित ने साथी कर्मी का कच्छा (नेकर) पहन लिया था। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
बहराइच के शुक्ला मोहल्ला चुल्लमा निवासी कौशल कुमार शुक्ला का 23 वर्षीय बेटा विवेक कुमार अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत रनियां औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री में दो बड़े कमरों में सात कर्मचारी रहते हैं, जिनमें बांदा के ङ्क्षतदवारी थानांतर्गत गजनी निवासी अजय कुमार भी रहता था। गुरुवार दोपहर विवेक नहाने जा रहा था तो अपना कच्छा खोजा। नहीं मिलने पर उसने अजय से इसको लेकर पूछा तो उसने उसका कच्छा पहने होने की बात कही। यह बात विवेक को नागवार गुजरी। दोनों में इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में अजय ने कमरे में ही रखी सब्जी काटने वाली चाकू से विवेक के पेट पर कई वार किए और भाग गया। साथी कर्मचारी लहूलुहान विवेक को पहले जिला अस्पताल, फिर कानपुर लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक राजकुमार तिवारी व कर्मचारियों से पूछताछ की। मृतक के घर पर सूचना भेजी गई है। सीओ अकबरपुर संदीप ङ्क्षसह ने बताया कि हत्यारोपित अजय की तलाश में दो टीमें लगी हैं। स्वजन के आने के बाद मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बाकी कार्रवाई होगी।
मेहनती व मिलनसार था विवेक, साथी कर्मचारी अवाक
सिर्फ कच्छा पहनने की बात पर विवेक की हत्या की घटना पर साथी कर्मचारियों को विश्वास नहीं हो रहा है। कर्मचारी राजू ने बतायाकि विवेक बहुत ही मेहनती और मिलनसार था। उसकी सभी से बनती थी, लेकिन अजय को पता नहीं क्या सूझा कि उसने हत्या कर दी।