यूपी विधानसभा में विस्फोटक मिलना सुरक्षा में बड़ी चूक : अखिलेश
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा में विस्फोटक मिलना सुरक्षा में बड़ी चूक है। इसकी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
कानपुर (जेएनएन)। सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि विधानसभा में विस्फोटक सामग्री मिलना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक है। प्रदेश सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए। जब तक जांच पूरी न हो बेवजह किसी को परेशान नहीं किया जाए। आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। प्रदेश सरकार विपक्ष के लोगों की सुरक्षा घटा रही है, जबकि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए विपक्ष की सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए।
अखिलेश रविवार को औरैया व कन्नौज में पत्रकारों से बात कर रहे थे। कहा कि मौजूदा सरकार में विधानसभा भी सुरक्षित नहीं रह गई है। इसकी जांच राज्य व केंद्र सरकार की संस्थाएं कर रही हैं। जांच निष्कर्ष आने के बाद भाजपा सरकार से सवाल पूछेंगे। उन्होंने तंज कसा कि बजट में विकास को जगह नहीं दी गई। नई योजनाएं शुरू नहीं हुईं, पुरानी जरूर बंद हो गईं। भाजपा सरकार ने सपा सरकार की बेहतर योजनाओं को बंद कर जनता के साथ छल किया है।