Saifai Panchayat Chunav Result 2021: पूर्व सीएम अखिलेश के चचेरे भाई अभिषेक जीते, जिपं सदस्य पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी को दी मात
Etawah Panchayat Chunav Result 2021 अभिषेक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चचेरे भाई हैं। उन्हें सपा और प्रसपा दोनों का समर्थन मिला हुआ था। भाजपा प्रत्याशी ने सपा के गढ़ मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई में भी वोट पाए हैं।
सैफई, जेएनएन। [Result sec.up.nic.in] सपा समर्थित सैफई द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी अभिषेक यादव उर्फ अंशुल अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित उम्मीदवार अवनीश यादव से 16,254 मतों से चुनाव जीत गए हैं। कुल 77 बूथ से सपा प्रत्याशी अंशुल को 22, 610 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अवनीश को 6,356 वोट ही मिल सके। अभिषेक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चचेरे भाई हैं। उन्हें सपा और प्रसपा दोनों का समर्थन मिला हुआ था।
भाजपा प्रत्याशी ने सपा के गढ़ मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई में भी वोट पाए हैं। वहीं, सैफई के आसपास गांवों में भी सेंध लगाई व दमदारी से चुनाव लड़ा। बता दें कि इस सीट पर 20 साल बाद मतदान हुआ है। वर्ष 2000 से यहां निर्विरोध निर्वाचन होता रहा। पिछली बार अभिषेक यादव निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य चुने गए थे। इससे पहले उनकी मां प्रेमलता यादव निर्विरोध चुनी जाती रहीं। भाजपा प्रत्याशी के चुनाव की कमान उनके भाई अजय यादव ने संभाली थी। अजय राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े हैं।
विंदाश्री एक वोट से बन गईं प्रधान: मतगणना के दूसरे दिन सोमवार को अपराह्न तीन बजे तक ब्लाक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत लहरोई की स्नेहलता यादव ने सर्वाधिक 738 वोटों के अंतर से तथा ग्राम पंचायत निगोह ईकारपुर की विन्दाश्री ने सबसे कम एक वोट से अपने प्रतिद्वंद्वी को पराजित कर जीत का सेहरा पहना। ग्राम पंचायत भोली से रुक्मणी देवी, मल्हौसी से गुड्डी देवी व बुआपुर दीनारपुर से दीपक कुमार के बीते पांच वर्ष के जनहित के विकास कार्य व व्यवहार से ग्रामवासियों ने इन्हें पुन: प्रधान चुना।