Bikru News : विकास दुबे के खंजाची जय बाजपेयी और उसके परिवार को ईओडब्लयू ने जारी किया नोटिस, अवैध संपत्तियों की जांच
कानपुर के चौबेपुर में विकास दुबे और उसके गुर्गों ने सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। विकास दुबे के खंजाची जय बाजपेयी और उसके 14 परिवार वालों को ईओडब्ल्यू ने नोटिस जारी किया है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। चौबेपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे और उसके गुर्गों ने दबिश देने गए सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की जांच हुई तो उसमें एक के बाद एक कड़ी खुलती चली गई। विकास दुबे का सारा लेनदेन का रिकार्ड जय बाजपेई रखता था। इधर, घटना के कुछ दिन बाद ही जय बाजपेई ने अपनी तीन लग्जरी कारें काकादेव क्षेत्र में लावारिस में छोड़ दी थी।
आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बिकरू कांड के मुख्य आरोपित रहे गैंगस्टर विकास दुबे के खजांची जयकांत बाजपेयी और उसके 14 स्वजन को नोटिस जारी किया है। सभी से कमाई गई संपत्तियों का ब्योरा मांगा गया है। वहीं, शिकायतकर्ता अधिवक्ता सौरभ भदौरिया ने अपने बयान दर्ज करा दिए हैं।
सौरभ भदौरिया के मुताबिक, दो जुलाई, 2020 को हुए बिकरू कांड के बाद उन्होंने शासन में विकास दुबे और जय बाजपेयी से जुड़े 115 लोगों की शिकायत की थी। इन लोगों ने अवैध धन से करोड़ों रुपये की संपत्तियां अर्जित कीं। शासन ने जांच के बाद 69 लोगों की जांच कराने का आदेश ईओडब्ल्यू कानपुर यूनिट को दिया था। उन्होंने विवेचक राम नरेश माथुर को अपने बयान दर्ज करा दिए हैं।
वहीं, विवेचक की ओर से जय बाजपेयी और उसके चारों भाइयों, भाइयों की पत्नियों, बहन-बहनोई और मां को मिलाकर कुल 15 स्वजन को नोटिस जारी करके उनके नाम पर संपत्तियों का ब्योरा मांगा है। विवेचक ने बताया, सभी बाकी बचे आरोपितों को भी नोटिस देकर उनसे संपत्तियों से जुड़े जवाब मांगे जाएंगे।