मतदेय कर्मियों की परीक्षा आज, असफल होने पर फिर होगा प्रशिक्षण
बनाई गई 50 सवालों की सूची ईवीएम वीवीपैट पोलिंग बूथ व निर्वाचन संबंधी होंगे प्रश्न।
कानपुर, जेएनएन। मतदेय कर्मियों के लिए गुरुवार को परीक्षा की घड़ी है। पॉलीटेक्निक में उनसे चुनाव संबंधी सवाल पूछे जाएंगे। अगर वह असफल होते हैं तो उन्हें नोटिस देकर दोबारा प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाएगा। उनका फिर से इम्तिहान होगा। अकबरपुर सीट के रिटर्निंग अफसर अक्षय त्रिपाठी ने 50 सवालों की सूची तैयार की है। इसमें ईवीएम, वीवीपैट, पोलिंग बूथ, पोलिंग सेंटर समेत अन्य निर्वाचन संबंधी प्रश्न हैं। बता दें कि पॉलीटेक्निक में पीठासीन अधिकारी, पोलिंग एजेंट व अन्य मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया था।
कुछ इस तरह के बनाए गए प्रश्न
-मतदान के बाद कितनी देर तक वीपीपैट में पर्ची दिखती है।
-ईवीएम काम न करे तो क्या करना होगा।
-कितने वोट डलवाकर मॉक पोल किया जाता है।
-फार्म 17ए का कब इस्तेमाल होता है।
-ईवीएम को सील कैसे करते हैं।
-कब मतदाता को सहायक की जरूरत पड़ती है।
गल्ला मंडी में भी होगा प्रशिक्षण
मतदेय कर्मियों का गल्ला मंडी में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। 28 अप्रैल को वहां प्रत्येक विधानसभावार चार-चार ईवीएम लगाई जाएंगी। उनका प्रयोग कर जानकारियां ली जा सकती हैं।