Karauli Baba: करौली बाबा के आश्रम से गायब हुआ बुजुर्ग भक्त, थाना चौकी पुलिस से लगाई गुहार, नहीं हुई सुनवाई
करौली सरकार के आश्रम से 27 जनवरी को झारखंड देवघर से बीमार छोटे बेटे को दिखाने आये बुजुर्ग गायब हो गए थे। पूजन पाठ की रात बुजुर्ग आश्रम में ही लघुशंका के लिए गए थे। बुजुर्ग वापस नहीं लौटे तो पुलिस को सूचना दी गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
कानपुर, जागरण संवाददाता। बिधनू करौली गांव स्थित लवकुश आश्रम में बीती 25 जनवरी को मानसिक रूप से बीमार छोटे बेटे का उपचार कराने झारखंड देवघर से आये बुजुर्ग रहस्मयी ढंग से लापता हो गए। वह 27 जनवरी की रात पूजन के दौरान आश्रम में बने शौचालय में लघुशंका गए थे। कई दिनों तक उनके साथ आया बड़ा बेटा और पत्नी आश्रम के समेत आसपास बुजुर्ग को तलाश करते रहे। थाना चौकी पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो संयुक्त पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई थी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि झारखंड देवघर जिले के मारगोमुंडा कोल्हुआ गांव निवासी उमेश यादव ने फोन पर जानकारी दी है, कि उनका छोटा भाई मुन्ना मानसिक रूप से बीमार है। इंटरनेट पर करौली बाबा संतोष सिंह भदौरिया के वीडियो देखकर बीती 25 जनवरी को वह पिता मुरली यादव, मां करमी देवी और छोटे भाई मुन्ना और बेटे छोटू के साथ लवकुश आश्रम में करौली बाबा के पास आये थे। जहां बाबा ने 27 जनवरी रात पूजन में बैठने की बात कही थी। रात को पूजन शुरू होने के दौरान बुजुर्ग पिता लघुशंका के लिए आश्रम के शौचालय गए थे। पूजन खत्म हो जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटे तो उन्होंने आश्रम तलाश शुरू की। घटना के बारे में करौली बाबा को भी बताया।
आसपास गांवों में तलाश करने के थाना- चौकी पुलिस और बाबा से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद भी किसी ने कोई मदद नहीं की। कई दिनों तक पिता का कोई पता न चलने पर वह मां, भाई और बेटे के साथ वापस झारखंड चले गए। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल कर बुजुर्ग की तलाश की जा रही है। साथ शिकायतकर्ता उमेश यादव को मुकदमा दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। वहीं उन्होंने थाना प्रभारी से इस संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है।