कम नहीं हुआ भाजपा का जनाधार, कांग्रेस के दुष्प्रचार से गंवानी पड़ी कुछ सीटें : दिनेश शर्मा
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विधानसभा चुनावों से लोकसभा चुनाव का आंकलन नहीं करना चाहिए।
कन्नौज, जेएनएन। पांच राज्यों में चुनाव परिणाम के रुझान आने के बाद प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा है कि कहीं भी भाजपा का जनाधार कम नहीं हुआ है और न ही वोट कम हुआ है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के दुष्प्रचार के कारण कुछ जगह सीटें गंवानी पड़ी हैं, इसका विश्लेषण किया जाएगा। कहा, विधानसभा चुनावों के नतीजों से लोकसभा चुनाव का आंकलन नहीं करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता का विश्वास आज भी है।
कन्नौज में कानून मंत्री ब्रजेश पाठक की माता कमला देवी पाठक के निधन पर उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा अंत्येष्टि में शामिल होने महादेवी घाट पर आए थे। संक्षिप्त वार्ता में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में पिछले पंद्रह साल से भाजपा की सरकार है तो जाहिर है कि कुछ जनादेश विपरीत आना ही था। बाकी राज्यों में भाजपा का जनाधार बढ़ा है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के दुष्प्रचार से भी भाजपा को कई सीटें गंवानी पड़ी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक रूप से मजबूत है और हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा।