कानपुर देहात में खनन माफियाओं में गैंगवार में दो की मौत, तीन घायल UP News
Double Murder In Mining खरका घाट पर तड़ातड़ गोलियों की आवाज सुनकर दहशत फैल गई और घाट पर लोगों में भगदड़ मच गई।
कानपुर देहात, जेएनएन। यमुना में खनन को लेकर गुरुवार को दो पक्ष आमने सामने आ गए और खरका घाट पर ताबड़तोड़ फायिरंग होने से भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों से आमने सामने गोली चलाई गईं, जिसमें गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई है और पांच लोग जख्मी हुए हैं। फोर्स के साथ घटनास्थल पर एसपी पहुंच गए हैं और पड़ताल शरू करा दी है। कहा जा रहा है कि यमुना के खरका घाट पर मौरंग खनन में रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ है।
कानपुर देहात के सट्टी थाना क्षेत्र में यमुना किनारे मौरंग खनन का पट्टा आवंटित हैं। इसमें खरका बालू घाट पर भी मौरंग का खनन ठेकेदार कराते हैं। बताया गया है कि इस घाट पर ठेके में दो लोगों के बीच साझेदारी है। गुरुवार सुबह दोनों पक्षों के बीच रुपयों के लेनदेन काे लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों से लोग आमने सामने आ गए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। तड़ातड़ गोलियों की आवाज सुनकर आसपास क्षेत्र में दहशत फैल गई और खनन घाट पर भगदड़ मच गई।
गोली लगने से पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर फायरिंग करने वाले फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को राजपुर अस्तपाल भिजवाया, जहां से गंभीर घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान सट्टी गांव निवासी 40 वर्षीय गुजरेज खातिमी और दूसरे पक्ष के बिधनू कानपुर के जामू गांव निवासी 42 वर्षीय ज्ञानेंद्र सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद एसपी अनुराग वत्स भी मौके पर पहुंच गए और घटना की पड़ताल शुरू कराई है।
एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि प्राथमक छानबीन में सामने आया है कि खनन पट्टे में दो पार्टनर के बीच लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों तरफ से गोली चलीं, जिसमें दो की मौत हुई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।