अंतिम दिन हड़बड़ाएं नहीं, शांत मन से भरें रिटर्न
आयकर रिटर्न भरने का आज है अंतिम दिन, गलत आंकड़े भरने से हो सकता नुकसान
जागरण संवाददाता, कानपुर : आयकर का रिटर्न दाखिल करने का शुक्रवार को अंतिम दिन है, इसलिए हड़बड़ाएं नहीं। पूरी तरह शांत मन से रिटर्न भरें वरना गलत आंकड़े फाइल करने का नुकसान उठाना पड़ सकता है। खासतौर पर आयकर की वेबसाइट पर फार्म 26एएस जरूर देखें। अपने पेइंग एप्स में आएं और खर्च धन का विवरण भी दें।
फार्म 26एएस : रिटर्न भरने से पहले विभाग की वेबसाइट पर फार्म 26एएस जरूर चेक करें। इसमें विभाग कर निर्धारण वर्ष के अनुसार टैक्स भुगतान का विवरण, टीडीएस, कटौती की धनराशि आय के स्त्रोतों के अनुसार दर्शाता है। इसमें यदि टीडीएस की राशि सही नहीं है या मिस मैच है तो उसका लाभ नहीं मिलेगा। टीडीएस काटने वाले वाले संस्थान से गलती ठीक करानी होगी तभी लाभ मिलेगा।
- - - - - - - -
एक बैंक खाते का पूरा विवरण दें
रिटर्न में सभी बैंक खातों का विवरण देना चाहिए लेकिन किसी एक बैंक खाते के सभी विवरण दें। इसमें आइएफएससी कोड, बीएसआर कोड, माइकर कोड, बैंक खाता नंबर के साथ अन्य जानकारी दें ताकि आयकर विभाग के सीपीसी सेंटर बेंगलुरु से सीधे उस खाते में रिफंड जा सके।
- - - - - - - -
आय की गणना ठीक से करें
रिटर्न भरने से पहले आय की गणना ठीक से करें। इसमें गृह संपत्ति से आय, वेतन से आय, व्यापार से आय, चल-अचल संपत्ति की बिक्री से कैपिटल गेन, ब्याज की राशि व अन्य स्त्रोतों से आय को चेक कर लें।
- - - - - - - -
15 सितंबर तक का समय सिर्फ केरल के लिए
कुछ लोग इस भ्रम में हैं कि आयकर रिटर्न की तारीख 15 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। ये राहत सिर्फ बाढ़ पीड़ित केरल राज्य के करदाताओं को दी गई है।