डीएम बोले, जो कर्मचारी काम नहीं करेगा उसे वेतन नहीं
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे कर्मचारियों से बातचीत की गई है।
जागरण संवाददाता, कानपुर : पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे कर्मचारियों से बातचीत की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि वे किसी भी कर्मचारी को जबरिया काम से नहीं रोकेंगे। जो काम करेगा उसे सुरक्षा दी जाएगी। ये बातें डीएम विजय विश्वास पंत ने कलेक्ट्रेट में पत्रकारों से कही।
डीएम ने बताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों का ख्याल रख रही है। संगठनों के पदाधिकारियों से वार्ता के बाद तय हुआ कि वह शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल करेंगे। हड़ताल में किसी कर्मचारी को जबरिया शामिल नहीं करेंगे और न ही काम करने से रोकेंगे। जो कर्मचारी 2005 से आए हैं उन्हे एमआरएएन नंबर खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने हड़ताल को अवैध घोषित नहीं किया है बल्कि हड़ताल के दौरान नो वर्क नो पेमेंट का सिद्धांत लागू रहेगा। शासन ने अधिकारियों को इस दौरान कर्मचारियों को अवकाश न देने के निर्देश दिए हैं।
.....................
25 से 27 तक हड़ताल पर रहेंगे कर्मचारी
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राज्यकर्मचारी 25 अक्टूबर से तीन दिन तक हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान कलेक्ट्रेट, तहसील, विकास विभाग हो या फिर उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों में कामकाज प्रभावित होगा। हालांकि हड़ताल के दौरान कर्मचारी तोड़फोड़ कर सकते हैं इस आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अफसर सतर्क हो गए हैं। बुधवार को शहर आए डीजीपी ओपी सिंह से अफसरों ने हड़ताल के संबंध में चर्चा की।
पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर विभिन्न कर्मचारी संगठन एकजुट हो गए हैं और उन्होंने हड़ताल का निर्णय लिया है। लेखपाल, कानूनगो के हड़ताल पर जाने से जहां आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र , खसरा खतौनी की नकल बनाने का कार्य प्रभावित होगा तो वहीं विभिन्न कार्यालयों में फरियादियों की शिकायतें भी कर्मचारी नहीं लेंगे। ऐसे सिर्फ अफसर ही शिकायतें सुनेंगे। कोषागार में जहां पेंशन संबंधी कार्य नहीं होगा। बुधवार को शहर आए डीजीपी ओपी सिंह ने आइजी आलोक सिंह, डीएम विजय विश्वास पंत और एसएसी अनंत देव तिवारी से हड़ताल के संबंध में बातचीत की। डीएम ने उन्हें बताया कार्यालयों सुरक्षा के प्रबंध रहेंगे। जो कर्मचारी काम करना चाहेंगे उन्हें कोई न रोके इसका प्रबंध किया जाएगा। ................