पार्क में मलबा, हैंडपंप बंद, कूड़े के ढेर बने दबौली की पहचान
पार्क में फैला मलबा, हैंडपंप बंद, जगह-जगह कूड़े के ढेर वार्ड 72 दबौली की पहचान बन गए है।
जागरण संवाददाता, कानपुर : पार्क में फैला मलबा, हैंडपंप बंद, जगह-जगह कूड़े के ढेर वार्ड 72 दबौली की पहचान बन गए है। फुटपाथ पर दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। इसके चलते सड़कें पार्किग बन गई है।
सीवर लाइन चोक होने के कारण बिना बरसात के ही क्षेत्र में पानी भरा रहता है। जनता का दर्द रविवार को दैनिक जागरण द्वारा जागरण आपके द्वार के तहत दबौली दुर्गा मंदिर में लगाए गए शिविर में फूट पड़ा। परेशान जनता ने साफ कहा कि शिकायत के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं होता है।
पार्को से हरियाली गायब, गंदगी
क्षेत्र में पार्क हैं लेकिन उजड़े पड़े है। पर्यावरण के नाम पर पार्को से हरियाली गायब है। जगह-जगह फैली गंदगी ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। पिछले दिनों क्षेत्र में पार्क से अतिक्रमण हटाया गया लेकिन पार्क में फैले मलबे ने व्यवस्था की पोल खोल दी। उद्यान विभाग के पास मलबा उठाने के लिए संसाधन नहीं है। इसके चलते कई ट्रक मलबा फैला पड़ा है। रही सही कसर अब लोगों ने गंदगी डालकर पूरी करनी शुरू कर दी है।
अतिक्रमणकारियों ने लील लिया फुटपाथ
वार्ड में फुटपाथ गायब हो गया है, केवल कागज में ही है। दुकानदारों ने फुटपाथ को शोरुम बना दिया है। फुटपाथ न होने के कारण राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ रहा है।
शौचालय में ताला, खुले में शौच
खुले में शौच रोकने का अभियान केवल कागज में ही सीमित होकर रह गया है। दबौली दुर्गा मंदिर के पीछे स्थित पार्क में शौचालय का निर्माण कराया गया है, लेकिन जब से बना है तब से ताला लगा हुआ है।
बेसहारा जानवरों पर लगे अंकुश
बेसहारा जानवरों के चलते जनता का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि जानवरों की धमाचौकड़ी के चलते बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गो का सड़क पर निकलना मुश्किल हो जाता है।
दूषित पानी से जनता परेशान
सीवर व पेयजल लाइन में लीकेज होने के चलते दबौली प्रथम व द्वितीय क्षेत्र में दूषित पानी जा रहा है। गर्मी में और संकट खड़ा हो जाता है। हैंडपंप खराब पड़े है। पीने के पानी के लिए जूझना पड़ता है।
क्षेत्र का हाल
वार्ड - 72 (दबौली )
आबादी - 70 हजार
मोहल्ला- दबौली प्रथम व द्वितीय, दबौली वेस्ट, नौरैयाखेड़ा, कबीर नगर कांशीराम बस्ती, नई बस्ती
विशेष - दबौली दुर्ग मंदिर दबौली
क्या कहते हैं जिम्मेदार
दैनिक जागरण के शिविर में जन सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
सभाजीत सिंह, कर अधीक्षक, जोन पांच नगर निगम
जागरण आपके द्वार शिविर में आई शिकायतों को संबंधित अफसरों को नोट कराने के साथ खुद भी नोट कर ली है। समस्याएं हल न हुई तो अफसरों को घेरा जाएगा।
- जेपी पाल, पार्षद वार्ड 72 दबौली
जनता की आवाज
क्षेत्र में सीवर लाइन चोक पड़ी है। मैनहोल के ढक्कन भी टूटे पड़े है। इसके चलते घर से निकलना मुश्किल हो जाता है।
- हीरा देवी पांडेय
पार्क से हरियाली गायब हो गई है। पेड़ पौधों की जगह मलबा फैला पड़ा है। मलबा साफ हो जाए और पौधे लग जाए तो बुजुर्गो के घूमने और बच्चों के लिए खेलने की सुविधा हो जाएगी।
अशोक दीक्षित
कूड़ा समय पर नहीं उठता है। इसके कारण जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है। बारिश में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। सुबह ही कूड़ा उठाया जाए और सफाई के बाद गंदगी फेंकने वालों पर कार्रवाई की जाए।
लक्ष्मी
फुटपाथ अतिक्रमणकारियों से खाली कराया जाए। ताकि बुजुर्गो और महिलाओं को चलने में दिक्कत न हो।
शांती देवी
पार्क से मलबा हटाया जाए और हरियाली कराई जाए। कब्जा करने वालों पर कार्रवाई भी की जाए। खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराया जाए।
सिद्धार्थ सिंह वैश्य
सीवर और पेयजल लाइन में लीकेज होने के कारण घरों में बदबूदार पानी आ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में लगी तमाम लाइटें बंद पड़ी है।
अशोक बग्गा
जागरण सुझाव
- सफाई कर्मचारी 45 है जरूरत क्षेत्र में 80 कर्मचारियों की है।
- सीवर सफाई के कर्मचारी सिर्फ तीन है जबकि क्षेत्र के लिए 20 कर्मचारी होने चाहिए।
- क्षेत्र में एक बरातशाला है वह टूटी पड़ी है। इसको ठीक कराया जाए।
- क्षेत्र में सिर्फ दो शौचालय है, आबादी के हिसाब से आठ शौचालयों की व्यवस्था होनी चाहिए।
- बाजारों में महिला व पुरुष पेशाबघर खोले जाए।
- अतिक्रमणकारियों से फुटपाथ व सड़क खाली कराई जाए।
- क्षेत्र में एक भी कूड़ाघर नहीं है। इसके चलते सड़क पर फैला रहता है।
- 75 फीसद हैंडपंप बंद पड़े है।
यह अफसर थे मौजूद
कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, अवर अभियंता संतोष कुमार, राजस्व निरीक्षक संजय सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर ओम प्रकाश, जलकल विभाग के अवर अभियंता अनिल यादव थे।
यह समस्याएं आई
नगर निगम - 28
-जलकल - 23