शिवालयों में उमड़ रहे भक्त, जलाभिषेक करने को आनंदेश्वर मंदिर में लगती लंबी कतार
सावन माह में शिवजी के पूजन के लिए मंदिरों में भक्तों की भीड़ लग रही है। सुबह से शाम तक भक्त जलाभिषेक को पहुंच रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कानपुर : पावन मास सावन में भगवान शिव के दर्शन पूजन के लिए शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। हर रोज हजारों श्रद्धालु महादेव के दर्शन पूजन को मंदिर पहुंच रहे हैं। कोई दुग्धाभिषेक कर प्रभु से मंगलमय जीवन की कामना कर रहा है तो कोई एक लोटा जल अर्पित कर सुख समृद्धि माग रहा है।
कानपुर शहर के आनंदेश्वर मंदिर, जागेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, नागेश्वर, बन खंडेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। हर कोई प्रभु को प्रसन्न करने में लगे हुए हैं। आनंदेश्वर मंदिर, जागेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। रात में ही आनंदेश्वर मंदिर व सिद्धनाथ मंदिर में हजारों भक्त नंगे पाव पहुंच कतार में लग जाते हैं । पहले मैं पहले मैं के चक्कर में एक दूसरे से धक्का मुक्की भी कर रहे हैं। आनंदेश्वर मंदिर में गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। श्रद्धालु भगवान शिव का गंगा जल से अभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना करते रहे। दूध, दही, शहद, शक्कर, चंदन, गंगाजल से प्रभु का अभिषेक कर भक्तों ने मनोकामनाओं का पिटारा प्रभु को सौंपा। महंत रमेश पुरी, पनकी हनुमान मंदिर के महंत श्रीकृष्ण दास, स्वामी उदितानंद ब्रह्माचारी, स्वामी प्रकाशानंद सरस्वती, अजय पुजारी आदि लोगों ने महादेव का अभिषेक किया। गंगा किनारे रेती में भक्तों ने पार्थिव लिंग बनाकर महादेव का पूजन किया। कुछ कावड़ियों ने भी सिद्धनाथ भगवान का जलाभिषेक किया। एडीएम सिटी सतीश पाल ने शहर के आनंदेश्वर मंदिर, जागेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर , नागेश्वर, बन खंडेश्वर महादेव मंदिर में व्यवस्था देखा।