मौनी अमावस्या पर चित्रकूट पहुंचे श्रद्धालु, रामघाट पर पुण्य लूटने की मची होड़
सुबह से ही मंदाकिनी में स्नान कर कामदगिरि की परिक्रमा लगाने में जुट गए भक्त, उमड़ पड़ा आस्था का सैलाब।
चित्रकूट, जागरण संवाददाता। माघ मास की सोमवती अमावस्या को लेकर दो दिन पहले से धर्मनगरी पहुंच चुके हजारों श्रद्धालु सुबह से ही मंदाकिनी स्नान कर परिक्रमा लगाने में जुट गए। जैसे-जैस दिन चढ़ा भीड़ बढ़ती ही गई। भक्त मंदाकिनी में स्नान कर स्वामी मत्य गजेंद्रनाथ का जलाभिषेक करेंगे। कुंभ स्नान करने के बाद यहां श्रद्धालु मंगलवार को भी आएंगे।
विशेष फल पाने की इच्छा से जुटी भीड़
भगवान कामदगिरि की परिक्रमा कर मनोकामना पूर्ति करने के लिए विशेष पर्व पर श्रद्धालु यहां जुटते हैं। मान्यता है कि आज ही के दिन तुलसीदास जी को भगवान राम और लक्ष्मण के रामघाट पर साक्षात दर्शन हुए थे। इससे स्नान करने में विशेष फल की प्राप्ति होती है। सोमवार सुबह से ही रामघाट पर देश दुनिया के हजारों श्रद्धालु पहुंच कर हर हर गंगे के उद्घोष से माहौल भक्तिमय करते रहे।
देर शाम तक संख्या होगी 15 लाख तक
सोमवार देर शाम तक 15 से 20 लाख श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचने की संभावना है। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के 15 सौ से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी विशाख जी, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा के साथ सतना पुलिस व प्रशासन मुस्तैदी से जुटा है। अफसर श्रद्धालुओ की व्यवस्थाओं को लेकर जायजा ले रहे हैं।
प्रयागराज से आने वाली पैसेंजर साढ़े चार घंटा लेट
प्रयागराज से आने वाली पैसेंजर साढ़े चार घंटा लेट होने से काफी संख्या में श्रद्धालु फंसे हैं। हालांकि 500 बसों के बेड़े के कारण श्रद्धालु समय से पहुंच रहे हैं। सबकी जुबां पर भगवान कामतानाथ हैं तो मन में आस्था का ज्वार भरा हुआ है। इससे पूरी धर्म नगरी का माहौल भक्तिमय हो चुका है।