कन्नौज, जेएनएन। प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के निजी सचिव ने लखनऊ में दो दिन पूर्व कोरोना की जांच कराई थी। इसमें रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्वजन शव से लेकर घर चले गए।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में दो दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के निजी सचिव कल्याण सिंह को भर्ती कराया गया था। यहां पर उनका इलाज चल रहा था। रविवार दोपहर को इलाज के दौरान आइसोलेशन वार्ड में उनकी मौत हो गई। हालत काफी गंभीर होने के कारण ऑक्सीजन दी जार रही थी। सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि लखनऊ में उनकी कोविड-19 की जांच हुई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर यहां भर्ती हुए थे। उनकी हालत काफी गंभीर थी। इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को प्रोटेक्शन किट में सुरक्षित कर स्वजन ले गए हैं। साथ ही अंतिम संस्कार के समय सावधानी बरतने की जानकारी भी दे दी गई है। वहीं, डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की है।