चित्रकूट में बांसा पहाड़ रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी पर डकैतों ने धावा बोला, गार्ड को पीटकर की लूटपाट
बांसा पहाड़ को हाल्ट स्टेशन बनाने को लेकर डकैतों की नाराजगी को लेकर घटना देखी जा रही है। गार्ड की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जेएनएन, कानपुर : चित्रकूट में मानिकपुर रेलवे स्टेशन से बाईपास कर बासा पहाड़ से गुजरी मालगाड़ी के गार्ड को घायल कर डकैतों ने लूटपाट की। इस घटना को ओहन बासा पहाड़ को हाल्ट स्टेशन बनाने में डकैतों की नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।
शुक्रवार की रात सतना मानिकपुर रेल खंड के मारकुण्डी मानिकपुर बासा पहाड़ स्टेशन होकर सतना से मालगाड़ी इलाहाबाद जा रही थी। चित्रकूट के बांसा पहाड़ रेलवे स्टेशन पर मालगाडी करीब 11.35 बजे पहुंची। मालगाड़ी खड़ी हुई तो करीब एक दर्जन से अधिक डकैतों ने मालगाड़ी को घेर लिया। डकैतों ने मालगाड़ी में पीछे लगे गार्ड यान में धावा बोल दिया। डकैतों ने गार्ड आरपी यादव को खींच लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद उनका मोबाइल, रुपये तथा अन्य आवश्यक कागज लूट लिए। गार्ड के मुताबिक एक डकैत हाथ में असलहा लहराते हुए बोल रहा था कि अब तो और मजा आएगा, यहा तो सभी गाड़िया रोकने की तैयारी है। इसके बाद डकैत जंगल की ओर चले गए। जब मालगाड़ी आगे मानिकपुर की ओर बढ़ी तो डरे सहमे गार्ड ने वॉकी टाकी से बांसा पहाड़ स्टेशन मास्टर नरेन्द्र सिंह को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर में घटना से रेलवे के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। अफसरों ने घटनाक्रम संज्ञान में लेने के बाद पूछताछ शुरू कराई। रेलवे पुलिस ने घटना की तहकीकात कराई। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने पर शनिवार दोपहर बाद गार्ड की तरफ से सतना के मझगवा थाने में तहरीर दी गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामला चर्चा में आया है। पुलिस डकैतों से निपटने के इंतजाम में जुट गई है।