सिलेंडर फटने से महिला की मौत, पति झुलसा
संवाद सहयोगी, बिल्हौर : पिहानी मजबूत नगर गांव में चाय बनाने के दौरान छोटा गैस सिलेंडर फट
संवाद सहयोगी, बिल्हौर : पिहानी मजबूत नगर गांव में चाय बनाने के दौरान छोटा गैस सिलेंडर फटने से महिला की मौत हो गई, जबकि बचाने के प्रयास में पति झुलस गया। वहीं जोरदार धमाके से मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
पिहानी मजबूत नगर गांव में मजदूर महादेव राठौर लोहिया आवास में पत्नी मीना(48) के साथ रहता था। रविवार सुबह पांच बजे मीना कमरे में रखे पांच किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर स्टोव पर चाय बना रही थी। महादेव मकान की छत पर बने शौचालय में गया था। अचानक लीकेज सिलेंडर में आग लगने पर मीना दरवाजा बंद करके मदद के लिए पड़ोसियों को बुलाने दौड़ी। शोर सुनकर महादेव भी छत से नीचे की और दौड़ा। लौटकर मीना कमरे में जैसे ही घुसी तो सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। आग की चपेट में आई मीना गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि बचाने में महादेव भी झुलस गया। जोरदार धमाके से कमरे की दीवारें भरभरा गई और दरवाजे उखड़कर दूर जा गिरे। तेज धमाके की आवाज से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाकर घायल महिला को सीएचसी भेजा। परीक्षण के बाद डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया और महादेव का प्राथमिक उपचार किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन की। तहसीलदार अमित कुमार गुप्ता ने जांच के लिए नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा।