गर्मी दूर करने के लिए तालाब में नहा रहे चचेरे भाइयों की डूबकर मौत
दोस्तों के साथ जंगल में गए थे बकरियां चराने गहराई में जाने से हुआ हादसा।
कानपुर देहात, जेएनएन। अमराहट थानाक्षेत्र के शिवहरा गांव में दोस्तों के साथ सोमवार को दो चचेरे भाई जंगल की ओर बकरियां चराने गए थे। दोपहर में अधिक धूप और गर्मी से बचने के लिए दोनों भाई व अन्य बच्चे तालाब में नहाने लगे। अधिक गहराई में जाने से दोनों भाई डूबने लगे। साथियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला पर तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
शिवहरा गांव निवासी प्रमोद कुमार का 15 वर्षीय पुत्र करन और उनके भाई लाखन सिंह का 15 वर्षीय बेटा अर्जुन दोस्तों के साथ सुबह यमुना पट्टी की तरफ बकरियां चराने गए थे। दोपहर में गर्मी बढऩे पर जंगल में ही स्थित तालाब में सभी बच्चे नहाने लगे। नहाने के दौरान अर्जुन व करन गहरे पानी की ओर चले गए और दोनों डूबने लगे। उनकी गुहार सुन कर साथियों ने मदद के लिए शोर मचाया।
कोई और रास्ता न देख ग्रामीणों व परिजनों को तत्काल सूचना दी। जब तक ग्रामीणों के साथ पहुंचे परिजनों ने उन्हें पानी से बाहर निकला तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। अर्जुन की मां किरन देवी, दादी पानकुमारी, बाबा गोरेलाल, भाई जय सिंह व विशाल, जबकि बहन मनीषा, अमीषा, निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं करन के पिता प्रमोद, उसका छोटा भाई विशाल भी बेहाल हो गए। सूचना पर सिकंदरा के तहसीलदार संजय कुशवाहा पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण मिश्रा, थानाध्यक्ष विक्रम सिंह पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप