Coronavirus Kanpur News: कोरोना से डॉक्टर समेत रिकॉर्ड 16 की मौत, 370 और पॉजिटिव केस मिले
Kanpur Coronavirus News Update एडीएम सिटी और डॉक्टर समेत सात जेआर संक्रमित काकादेव के डॉक्टर की दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में मौत हुई है।
कानपुर, जेएनएन। जिले में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। न मौतों के आंकड़े की रफ्तार पर लगाम लग रही है। शहर के आर्थोपेडिक सर्जन की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिले में कोरोना से एक दिन में रिकॉर्ड 16 मरीजों की मौत हुई। इनमें सात महिलाएं और नौ पुरुष हैं।
रविवार को 370 संक्रमित मिले हैं, जिसमें एडीएम सिटी और डॉक्टर समेत जेआर भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, शहर के सात कोविड हॉस्पिटलों से 40 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद तालियां बजाकर विदा किया गया जबकि 80 का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। जिले में कोरोना पॉजिटिव 8550 हो गए हैं। इसमें 279 की मौत हो चुकी है। अब तक 3392 स्वस्थ हो चुके हैं, इसमें से 812 का होम आइसोलेशन पूरा हो चुका है। एक्टिव केस 4879 हो गए हैं।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. रीता मित्तल के मुताबिक काकादेव निवासी आर्थोपेडिक सर्जन कोरोना संक्रमित आए थे। स्वजन उन्हेंं दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल लेकर चले गए थे, जहां शनिवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। आइएमए सदस्यों ने साथी के निधन पर दुख जताया है।
एडीएम सिटी भी हुए संक्रमित
मेडिकल कॉलेज की देर रात आई रिपोर्ट में एडीएम सिटी भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। संक्रमण की पुष्टि के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हेंं होम आइसोलेशन कराया गया है। इससे पहले एडीएम सिटी के खानसामा और चालक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
बैंक ऑफ इंडिया के छह कर्मचारी संक्रमित
बैंक ऑफ इंडिया की बिरहाना रोड शाखा में छह अधिकारी व कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। बैंक ऑफ इंडिया की इस शाखा में कुछ दिन पहले एक कर्मचारी को बुखार आया था। जांच पर पता चला कि वह कोरोना संक्रमित हैं। इसके बाद बाकी अधिकारियों व कर्मियों ने खुद जांच कराई। जांच में छह अधिकारी, कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। जोनल मैनेजर प्रशांत सिंह के मुताबिक शुक्रवार तक आई रिपोर्ट में चार संक्रमित निकले थे। आज की रिपोर्ट की जानकारी उन्हें नहीं है।