Move to Jagran APP

ठेके के विवाद से दुश्मनी, चुनाव के बाद कराया कत्ल

जागरण संवाददाता, कानपुर : पत्रकार नवीन गुप्ता और गोलू यादव के बीच रंजिश की शुरुआत ठेके के

By JagranEdited By: Published: Sun, 18 Mar 2018 12:30 PM (IST)Updated: Sun, 18 Mar 2018 12:30 PM (IST)
ठेके के विवाद से दुश्मनी, चुनाव के बाद कराया कत्ल
ठेके के विवाद से दुश्मनी, चुनाव के बाद कराया कत्ल

जागरण संवाददाता, कानपुर : पत्रकार नवीन गुप्ता और गोलू यादव के बीच रंजिश की शुरुआत ठेके के विवाद से हुई थी। इसके बाद चेयरमैन चुनाव में विपक्षी के साथ उठने बैठने से रंजिश खुलकर सामने आ गई। गोलू अपनी पत्नी को चुनाव लड़ा रहा था। चुनाव निपटते ही उसने नवीन की हत्या की सुपारी दे दी।

loksabha election banner

गिरफ्तार राजू बहेलिया ने मैनपुरी पुलिस के सामने पत्रकारों को बताया कि महिगवां गांव के प्रधान संघ का अध्यक्ष गोलू यादव और वह अच्छे दोस्त हैं। राम सिंह की हत्या के मामले में दोनों जेल गए थे। तब भी गोलू को लगता था कि उसे पकड़वाने में नवीन का हाथ है। बाद में जब गैंगस्टर के मामले में डेढ़ करोड़ की संपत्ति जब्त हुई तो एक बार उसका विवाद भी हुआ था। ़

चेयरमैन चुनाव के दौरान नोकझोंक हुई तो एक दूसरे ने देख लेने की बात कही थी। गोलू एक तीर से दो निशाने लगाना चाहता था। उसने नवीन की हत्या कराई ताकि शक विपक्षी पर जाए और पुलिस उसे पकड़ ले।

--

50 हजार दिए थे एडवांस

बिल्हौर पुलिस को राजू बहेलिया ने बताया नवीन ने उसके खिलाफ कुछ समाचार भी प्रकाशित कर दिए थे। इससे भी खुन्नस थी। हत्या के लिए गोलू ने दयाराम के जरिए नरेंद्र यादव को ढाई लाख रुपये में सुपारी दी थी। नरेंद्र यादव ने राजू को 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे।

--

तीन साथियों के साथ की हत्या

राजू ने बताया कि उसने साथियों दयाराम व दो अन्य के साथ मिलकर नवीन की हत्या की थी। चारों एक महीने से रेकी कर रहे थे। घटना वाले दिन राजू एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा जबकि बाकी दोनों बस से आए थे। पुलिस गोलू व दयाराम से पूछताछ कर रही है।

--

कन्नौज में भी की थी हत्या

बीते वर्ष 24 अक्टूबर को कन्नौज के विष्णुगढ़ में दलित युवक की हत्या में भी राजू वांछित था। मैनपुरी व फर्रुखाबाद के थानों में भी उस पर मुकदमे हैं। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि राजू पर हत्या के अलावा चोरी, लूट के भी दस से ज्यादा मुकदमे हैं।

एसटीएफ के भी निशाने पर था

कानपुर, कन्नौज और मैनपुरी पुलिस के साथ ही राजू एसटीएफ के निशाने पर भी था। 75 हजार का इनामी होने से तीनों जनपदों की छह टीमें उसकी तलाश कर रही थीं।

---------

ऐसे की वारदात

राजू के मुताबिक घटना वाली शाम जब राजू और उसके साथी पहुंचे तो नवीन को संदेह हुआ। वह जान बचाकर भागा। वह बिल्डिंग की छत पर पहुंच गया। तब दो साथियों ने नवीन को छत से नीचे फेंक दिया और राजू ने पिस्टल से उस पर दनादन फायर कर दिए।

जब्त हो चुकी डेढ़ करोड़ की संपत्ति

गोलू पर भी करीब दस मुकदमे हैं। छह माह पूर्व पुलिस ने गैंगस्टर की भी कार्रवाई की थी। जिसके बाद पुलिस ने उसकी करीब डेढ़ करोड़ की संपत्ति जब्त की थी। नवीन की हत्या से कुछ समय पहले ही गोलू जेल से छूटा था।

----

तड़के उठा लिया गोलू को

राजू ने जैसे ही प्रधान संघ के अध्यक्ष गोलू का नाम लिया, बिल्हौर पुलिस के

साथ क्राइम ब्रांच भी गोलू की तलाश में निकल पड़ी। तड़के ही उसे उसके घर के बाहर से पकड़ लिया।

---

गिरफ्तारी या सरेंडर, उठ रहे सवाल

मैनपुरी में राजू की गिरफ्तारी पर सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस महकमे के ही कुछ लोगों के अनुसार राजू ने खुद कुछ पुलिसकर्मियों से साठगांठ करके सरेंडर किया ताकि वह कानपुर या कन्नौज पुलिस के हत्थे न चढ़ जाए। उसे एनकाउंटर का भी डर सता रहा था।

--

नवीन की हत्या में राजू बहेलिया व गोलू मुख्य आरोपित हैं। भोगांव पुलिस ने राजू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने नवीन की हत्या करना स्वीकार की है। राजू ने चार के नाम लिये हैं। गोलू और दयाराम को हिरासत में ले लिया गया है। दो की तलाश जारी है। गोलू से पूछताछ की जा रही है। राजू को जल्द रिमांड पर लिया जाएगा।

-जयप्रकाश सिंह, एसपी ग्रामीण


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.