गरीबों को खाना बांटकर लौट रहे भाजपा मंडल महामंत्री की सरेराह पिटाई, सिपाही लाइन हाजिर
भाजपा नेताओं के आक्रोश जताने के बाद एसपी पूर्वी ने मामला संज्ञान में लेकर कार्रवाई की है।
कानपुर, जेएनएन। गरीबों व जरूरतमंदों को भोजन बांटकर लौट रहे कलक्टरगंज के भाजपा मंडल महामंत्री की सिपाही से बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने सहकर्मियों संग उनकी पिटाई कर दी। घटना भाजपाई आक्रोशित हो गए। रात में सूचना अफसरों को देने के बाद सुबह प्रदेश महामंत्री व जिलाध्यक्ष एसपी पूर्वी के पास पहुंचे। इसके बाद सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया।
कलक्टरगंज मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत द्विवेदी व महामंत्री अनुज गुप्ता मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे भोजन बांटकर वापस लौट रहे थे। चंद्रकांत द्विवेदी ने बादशाहीनाका के सामने वाली रोड पर घर के निकट अनुज गुप्ता को छोड़ दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने भोजन बांटने की बात बता दी। अध्यक्ष के चले जाने के बाद अनुज गुप्ता के साथ सिपाही की बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद वह सिपाही कई सिपाहियों को बुला लाया। उन्होंने अनुज के साथ मारपीट की।
यह सूचना जब भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील बजाज को मिली तो उन्होंने थानाध्यक्ष से वार्ता की। सुबह एसएसपी से वार्ता के बाद प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई, जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, भाजयुमो प्रदेश मंत्री प्रमोद विश्वकर्मा आदि एसपी पूर्वी के पास पहुंचे और उन्हें सारा किस्सा सुनाया। इसके बाद एसपी पूर्वी ने सिपाही को लाइन हाजिर करवा दिया। प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई ने बताया कि थानाध्यक्ष ने पहले ही इस मामले में माफी मांग ली थी। आरोपित सिपाही को दंडित कर दिया गया है।