पुलिस को फिर चकमा दे गए कांग्रेसी, तिलक हॉल के बाहर फूंका पुतला
गैस की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेसियों ने पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका
जागरण संवाददाता, कानपुर : तिलक हाल के बाहर मुस्तैद पुलिस को चकमा दे एलपीजी मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेसियों ने पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंक दिया।
एलपीजी में मंगलवार को 36 रुपये की वृद्धि की गई थी। जिसके विरोध में कांग्रेसियों ने पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंकने की योजना बनाई। योजना को विफल करने के लिए कोतवाली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद थी। कांग्रेसी तिलक हाल से नारेबाजी करते हुए पुतला लेकर निकले तो पुलिसकर्मी भी तेजी से पुतला छीनने के लिए आगे बढ़े। इससे पहले कि पुलिस और कांग्रेसियों में छीना झपटी होती, पुतले को आग के हवाले कर दिया गया। ढाई माह पहले भी कांग्रेसियों ने पुलिस को चकमा देकर पुतला फूंका था। शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, महंगाई के खिलाफ इसी तरह आंदोलन करते रहेंगे। कहा कि वर्तमान सरकार हर मुद्दे पर फेल ही रही है। भाजपा ने जनता को सिर्फ सपने दिखाए हैं, उन सपनों को सच करने के लिए एक भी कदम नहीं उठाया। जनता को ऐसी सरकार बर्दाश्त नहीं होगी। जनता से विमुख रवैये का खामियाजा भाजपा को आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र, शंकरदत्त मिश्र, अशोक धानविक, कृपेश त्रिपाठी, कमल जायसवाल, शकुंतला तिवारी, मो. ताहिर, राजेंद्र प्रसाद, महताब आलम आदि उपस्थित रहे।