जुलूस निकालकर कांग्रेसी बोले, चुनी हुई सरकार को गिराना लोकतंत्र नहीं Kanpur News
कर्नाटक की सरकार गिरने पर कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा रोकने पर पुलिस से हुई नोकझोंक।
कानपुर, जेएनएन। कर्नाटक में चुनी हुई सरकार को खरीद फरोख्त से गिरा देना लोकतंत्र नहीं है। कांग्रेसी इसके लिए सड़क तक आंदोलन करेंगे। गुरुवार को तिलक हाल से ज्ञापन देने जा रहे शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने ये बात कही। यहां से कांग्रेसी जुलूस बनाकर नारेबाजी करते हुए चेतना चौराहा पहुंचे जहां पुलिस ने बैरीकेडिंग लगाकर रोक लिया। यहां कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प हुई। हालांकि ज्ञापन लेने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट रवि श्रीवास्तव को देखकर कांग्रेसी शांत हो गए।
चेतना चौराहा पर पूर्व अध्यक्ष ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को पढ़कर सुनाया। बोले, भाजपा ने कर्नाटक में विधायकों की खरीद फरोख्त कर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई कांग्रेस व जेडीएस सरकार को गिरा दिया। षडयंत्र के तहत पहले कांग्रेस-जेडीएस विधायकों का अपहरण किया गया। फिर उन्हे धन और मंत्री पद का लालच दिया गया, न मानने पर डराया धमकाया गया।
अनिष्ट का भय दिखा चुनी सरकार गिरा दी गई। पूर्व में ऐसा ही कृत्य गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भी किया जा चुका है। कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि देश में चल रही इन कारगुजारियों को न रोका गया तो लोकतांत्रिक व्यवस्था भंग होने में वक्त नहीं लगेगा। ज्ञापन देने वालों मे शंकरदत्त मिश्र, संजीव दरियाबादी, इकबाल अहमद, संदीप शुक्ला, निजामुद्दीन खां, अब्दुल मन्नान, मदन मोहन शुक्ला, केके तिवारी, आमोद त्रिपाठी, पुनीत राज शर्मा, आयुष अग्रवाल, ममता तिवारी शामिल रहे।