लॉकडाउन में आर्थिक तंगी झेल रहे लोगों के लिए कांग्रेस चलाएगी कैंपेन, रखेगी भाजपा सरकार से मांग
उप्र कांग्रेस कमेटी के निर्देश के बाद कानपुर जिलाध्यक्ष ने तिलक हॉल में बैठक की और कार्यकर्ताओं को फेसबुक और ट्वीटर सहित सोशल साइट पर कैंपेन में हिस्सा लेने को कहा है।
कानपुर, जेएनएन। लॉकडाउन ने तमाम लोगों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी है, जो लोग आयकर के दायरे से बाहर हैं, कांग्रेस उनके लिए केंद्र सरकार से 10 हजार रुपये की मांग करेगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर कार्यकर्ता 28 मई को देशव्यापी अभियान चलाएंगे। इसमे मजदूरों की समस्याओं को उठाने के साथ सरकार से मांगे मानने की अपील की जाएगी। इस संबंध में उप्र कांग्रेस कमेटी के प्रशासन प्रभारी सिद्धार्थप्रिय श्रीवास्तव ने सभी जिलाध्यक्षों को पत्र भेजा है।
कांग्रेस शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि उन्हें पत्र प्राप्त हो गया है। अभियान के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। पत्र के मुताबिक लाखों प्रवासी मजदूर, किसान, असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले, एमएसएमई, लघु उद्योग, मछुवारे और दिहाड़ी मजदूर परेशान हैं। इनकी परेशानी को दूर करने के लिए कांग्रेस आलाकमान लगातार सरकार को सुझाव दे रहा है लेकिन सरकार सुन नहीं रही है। ऐसे में 28 मई की सुबह 11 से दो बजे के मध्य अभियान चलाया जाएगा।
कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यायलय में हुई बैठक में तिलक हाल में हुई, जिसमें 28 मई को मजदूरों के हित में ऑनलाइन कैंपेन चलाकर कार्यकर्ताआें को शामिल करने का निर्णय लिया गया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस कैंपेन के जरिए भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार से प्रदेश की सीमाओं पर भूखे-प्यासे खड़े हज़ारों प्रवासी मजदूरों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की पुरजोर मांग की जाएगी। इसके साथ ही आयकर दायरे से बाहर लॉकडाउन में आर्थिक रूप से परेशान लोगों के लिए 10-10 हजार की सहायता देने की मांग करेंगे। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता 11 से 2 बजे तक सोशल साइट्स फेसबुक, ट्वीटर, इंसट्रांग्राम और यू-ट्यूब पर लाइव कैंपेन चलाएंगे।