कांग्रेस ने कानपुर में गोविंद नगर से शुरू किया संगठन का सृजन, दक्षिण जिलाध्यक्ष ने शुरू किया अभियान
व्यापार के मामले में युवाओं को जोड़ने की बात जिलाध्यक्ष ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद से कई युवाओं को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। ऐसे युवाओं को पार्टी से जोड़ने और उनकी डिटेल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
कानपुर, जेएनएन। वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मुख्य धारा में लाने की कवायद कांग्रेस ने तेज कर दी है। इसी क्रम में गोविंद नगर के वार्डों में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को गोविंद नगर विधानसभा के वार्ड नौ रविदासपुरम में बैठक आयोजित की गई जिसमें कार्यकर्ताओं को वार्ड स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
पेट्रोल, रसोई गैस और महंगाई के मुद्दे पर होगी बातचीत
शहर कांग्रेस कमेटी दक्षिण के जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र दीक्षित ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बनायी। तय हुआ कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से मिलेंगे। कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम सबसे पहले होगा। आमजन से मिलकर उनसे उनकी समस्या पूछी जाएगी। पेट्रोल, रसोई गैस और महंगाई के मुद्दे पर लोगों से बात की जाएगी ताकि उनकी भावना को भी जाना जा सके। इसके डायरी में नोट करने को भी कहा गया है ताकि भविष्य में होने वाले आंदोलन में जनता के विचारों और उनकी भावनाओं को शामिल किया जा सके। राेजगार और व्यापार के मामले में युवाओं को जोड़ने की बात जिलाध्यक्ष ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद से कई युवाओं को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। ऐसे युवाओं को पार्टी से जोड़ने और उनकी डिटेल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश भी दिए गए। दक्षिण जिलाध्यक्ष ने बताया कि गोविंद नगर के सभी वार्ड में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद किदवई नगर में यह अभियान चलेगा।