कांग्रेस की अपील, लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं कार्यकर्ता
अगले वर्ष लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में हमें पिछले चुनावों से सबक लेकर लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं। यह अपील कांग्रेस ने की है।
जागरण संवाददाता, कानपुर : अगले वर्ष लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में हमें पिछले चुनावों से सबक लेकर अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाना चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझे और लोगों को सरकार की असलियत से रूबरू कराए। यह अपील जिला कांग्रेस कमेटी ने कार्यकर्ताओं से की।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार लोगों को झूठे वादों का पुलिंदा थमा रही है। न तो सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा किया और न ही लोगों की समस्याओं का निराकरण किया। नेताओं ने कहा कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
वार्ड स्तर पर जुटें
कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वार्ड स्तर पर जुट जाएं। पार्टी को मजबूत करें और आने वाले चुनाव में जनता को धोखा देने वालों को सबक सिखाएं।
74वां संशोधन लागू करने की मांग
कांग्रेस ने देश में 74 वां संशोधन लागू करने की मांग की। कांग्रेसियों ने कहा कि संशोधन लागू होने के बाद हालात सुधर जाएंगे, क्योंकि तब पुलिस, प्रशासन, यातायात और चिकित्सा सेवा समेत अन्य सभी जरुरी जिम्मेदारियां नगर निगम के अधीन हो जाएंगी। इससे पहले उप्र कांग्रेस कमेटी द्वारा पंचायतीराज दिवस पर भी कार्यक्रम आयोजित कर शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने उक्त मांग की थी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन काग्रेस सरकार द्वारा 24 अपै्रल 1993 को 74वें संविधान संशोधन के तहत पंचायतों व नगर निकायों को संवैधानिक अधिकार का दर्ज दिलाने का कार्य किया गया था लेकिन उप्र में कांग्रेस सरकार न होने से यहां 74वां संशोधन लागू नहीं हो सका। पूर्व राष्ट्रीय सचिव अब्दुल मन्नान ने कहा कि सरकार संशोधन को ठंडे बस्ते में रखने का कुचक्र राजनीतिक कारणों से कर रही है और धर्म, जाति और वर्ग के नाम पर समाज बांटा जा रहा है। इस दौरान हाफिज मो. उमर, आलोक मिश्र, कृपेश त्रिपाठी, कमल जायसवाल, कमल शुक्ल बेबी, पवन गुप्ता, सुबोध बाजपेयी, अतहर नईम, अशोक धानविक, राजेंद्र मिश्र बब्बू आदि उपस्थित रहे।