वरिष्ठ भाजपा नेता विनय कटियार के बड़े भाई का निधन, ददिखा में शोक की लहर Kanpur News
बिल्हौर के नानामऊ घाट पर अंतिम दर्शन के लिए भाजपा नेताओं और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ रही।
कानपुर, जेएनएन। बिल्हौर के ददिखा गांव निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य विनय कटियार के बड़े भाई का निधन होने से शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार की सुबह नानामऊ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, यहां भाजपा नेताओं के अलावा क्षेत्रीय लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य विनय कटियार का पैतृक घर बिल्हौर के ददिखा गांव में है। यहां पर उनके भाई समेत पूरा परिवार रहता है। गांव में रहने वाले उनके भाई 72 वर्षीय भइया लाल कटियार का शुक्रवार दोपहर बीमारी के चलते लखनऊ के पीजीआई में निधन हो गया था। लखनऊ से उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया। सूचना मिलते ही गांव स्थित घर पर क्षेत्रीय नेताओ, करीबी व रिश्तेदारों का पहुंचना शुरू हो गया। बीती शाम भाजपा नेता विनय कटियार भी घर आ गए थे।
परिजनों ने बताया कि बीमारी के चलते कई दिनों से कानपुर में उपचार चल रहा था, पांच दिन पूर्व ही पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह नानामऊ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक भगवती प्रसाद सागर, पूर्व सांसद डॉ. अंजू बाला, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुशील कटियार, प्रेमलता कटियार समेत बड़ी संख्या में भाजपा एवं अन्य दलों के नेता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप