डिप्टी CM का आना हुआ तय, 24 को करेंगे अटल प्रतिमा का अनावरण, संगठन मंत्री सुनील बंसल भी रहेंगे साथ
24 जनवरी को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बांदा में भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का करेंगे उद्घाटन जीआइसी के मैदान में जनसभा भी करेंगे। हालांकि डिप्टी सीएम के जारी प्रोटोकाल में जनसभा का उल्लेख नहीं किया गया है।
बांदा, जेएनएन। भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय के लोकार्पण व अटल प्रतिमा के अनावरण के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आने का कार्यक्रम तय हो गया है। साथ में प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल भी सहभागिता करेंगे। जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद ने बताया कि 24 जनवरी को सभी कार्यक्रम पूर्व निर्धारित योजनानुसार ही होंगे। जीआइसी मैदान में जनसभा भी होगी। हालांकि डिप्टी सीएम के जारी प्रोटोकाल में जनसभा का उल्लेख नहीं किया गया है।
जिला भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय के लोकार्पण के साथ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का का अनावरण व अटल काव्यांजलि कार्यक्रम पहले बीस जनवरी को तय था। संगठन महामंत्री सुनील बंसल और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम टलने के बाद अब यह 24 जनवरी को होगा। जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप द्विवेदी ने बताया कि तैयारियां पूरी हो गई हैं। सभी को जिम्मेदारी भी बांट दी गई है।
मीडिया प्रभारी का कहना है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
जीआइसी ग्राउंड में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लोकार्पण करते हुए जनसभा को संबोधित करेंगे। जीआइसी मैदान में आयोजित अटल काव्यांजलि में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कुमार विश्वास का आना है प्रस्तावित
अटल काव्यांजलि कार्यक्रम में कवि कुमार विश्वास और कवियत्री कविता त्रिपाठी के अलावा कई नामी कवियों का आना प्रस्तावित है। इसको लेकर शुक्रवार को बैठक भी की गई। जिसमें कार्यक्रम प्रभारी पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता, संयोजक पूर्व जिलाध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
यह रहेगा कार्यक्रम
डिप्टी सीएम का आगमन : दोपहर एक बजे सर्किट हाउस
जीआइसी ग्राउंड में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास : 1.20 बजे
अटल प्रतिमा का अनावरण, जिला पंचायत परिसर में : 1.55 बजे
जिला कार्यालय का लोकार्पण व पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक : 2.20 बजे