Sushma Swaraj : चित्रकूट में मुख्यमंत्री और कानपुर में डिप्टी सीएम का कार्यक्रम टला Kanpur News
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन के चलते दो दिन तक पार्टी के सभी कार्यक्रम रद किए गए हैं।
कानपुर, जेएनएन। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन से भाजपा में शोक की लहर छा गई है। ऐसे में पार्टी ने दो दिन तक सभी प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। बुधवार को चित्रकूट में मुख्यमंत्री का दौरा और कानपुर में कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही का दौरा निरस्त हो गया। वहीं गुरुवार को बांदा हमीरपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम और कानपुर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम भी टाल दिए गए हैं।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही को चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुधवार को आना था। उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य को आठ अगस्त को शहर के कई सदस्यता अभियानों में हिस्सा लेना था, साथ ही प्रमुख उद्यमियों के साथ बैठक भी करनी थी। पार्टी ने इस संबंध में कार्यकर्ताओं को भी दिशा निर्देश जारी किए थे। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर दो दिन का शोक घोषित किया गया है। इसके चलते पार्टी के सभी कार्यक्रम निरस्त व स्थगित कर दिए गए हैं। बुधवार की शाम को शहर के पार्टी के जिला कार्यालयों पर शोक सभा का आयोजन होगा।
चित्रकूट में नहीं आए मुख्यमंत्री
बुधवार को चित्रकूट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रस्तावित था। पूर्व विदेश मंत्री के निधन की जानकारी मुख्यमंत्री के दिल्ली चले जाने के कारण कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। चित्रकूट में मुख्यमंत्री के न आने का जानकारी जिलाधिकारी ने ट्विट करके दी है। उधर, पार्टी कार्यकर्ताओं में भी शोक की लहर है।
बांदा का कार्यक्रम भी टला
गुरुवार को बांदा में भी सीएम का कार्यक्रम तय था लेकिन वो अब टाल दिया गया है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी मोहित पांडेय ने बताया कि सुषमा स्वराज के निधन से पार्टीजन बेहद दुखी हैं। अधिकांश बड़े नेता दिल्ली में उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने गए हैं। ऐसे में दो दिन तक पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप