Merry Christmas : ईसा मसीह के स्वागत की भव्य तैयारियां, बच्चों को Santa Claus का इंतजार
चर्च और घरों में चरवाहों के साथ यीशु के जन्म की झांकी सजाई गई।
कानपुर, जेएनएन। लोगों को पापों से मुक्ति दिलाने के लिए प्रभु यीशु रात बारह बजे जन्म लेंगे, उनके स्वागत के लिए चर्च और घरों में भव्य तैयारियां की गई हैं। चारों ओर खुशियों के गीत गाए जा रहे हैं। बच्चों को उपहार पाने के लिए सेंटाक्लाज का इंतजार है। मंगलवार शाम से ही लोगों के साथ खुशियां मनाते हुए नृत्य का दौर शुरू हो गया है।
सेंट जैवियर्स चर्च अशोक नगर में प्रभु यीशु की झांकियां सजाई गई हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के चर्चों में विशेष आराधना होगी। लोग एक-दूसरे को यीशु के जन्म की बधाई देंगे। चर्च के अलावा घरों में खुशियां मनाने की भव्य तैयारी की गई है। लाजपत नगर में प्रिया ने अपने घर को खूबसूरत सजाया है। उनके घर में यीशु के जन्म की खूबसूरत झांकियां सजी हैं और क्रिसमस ट्री जगमगा रहा है।
न्यू इंडिया चर्च आफ गॉड के द्वारा गल्लामंडी नौबस्ता में राजा यीशु जन्म कार्यक्रम आयोजित किया। यहां नाटक में यीशु के जन्म को दर्शाया गया। पादरी जितेंद्र सिंह ने कहा कि यीशु का जन्म ही मानव को पापों से मुक्ति दिलाने के लिए हुआ है। पादरी एबी सिंह ने मेहमानों का शुक्रिया अदा किया। सेंटाक्लाज ने बच्चों को उपहार बांटे और उनके साथ नृत्य किया।