चाचा के साथ बाइक से घर लौट रहे बच्चे की ट्रक से कुचलकर मौत
सौरिख मुख्य बाजार में हुआ हादसा दो दिन पहले हरदोई में रहने वाली बुआ के घर गया था।
कन्नौज, जेएनएन। चाचा के साथ बाइक से आ रहे होमगार्ड के बेटे की ट्रक के पहिए के नीचे आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई।
जिला मैनपुरी के थाना किशनी के गांव लुकुटपुर निवासी होमगार्ड श्याम कुमार दुबे का 10 वर्षीय पुत्र सक्षम दुबे उर्फ प्रिंस दो दिन पहले चाचा देवनारायन दुबे के साथ हरदोई के गांव कबीरा खेड़ा में रहने वाली निवासी बुआ के यहां गया था। सोमवार को वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इस बीच सौरिख में सकरावा रोड से नादेमऊ चौराहा की ओर ट्रक आ रहा था, जिसकी चपेट में आकर प्रिंस बाइक से नीचे गिर पड़ा और ट्रक का पहिया ऊपर से निकल गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने प्रिंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भतीजे का शव देखकर चाचा देवनारायन बेहोश हो गए।
प्रिंस के गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। कुछ लोग झपकी आने तो कुछ लोग ट्रक की हवा लगने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया लेकिन चालक भाग निकला। परिजनों ने बताया कि देवनारायण विशाखापट्टनम मेंं नौकरी करते हैं। पांच दिन पहले घर आए थे। ऐसे में वह बहन केघर हरदोई गए थे। प्रिंस भी उनके साथ चला गया था। वापस आते समय हादसा हो गया। प्रिंस के पिता थाना किशनी में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। प्रिंस शीला देवी सत्यवीर इंटर कालेज में कक्षा सात का छात्र था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप