Love Jihad Case: नौबस्ता में नाम बदलकर विवाहिता को पहले प्रेमजाल में फंसाया फिर किया दुष्कर्म
महिला के स्वजन ने पनकी में दोनों को एक साथ पकड़ लिया युवक दूसरे धर्म का है महिला ने भी बताया कि उसने अपना नाम बदलकर अपने प्रेमजाल में फंसाया और दुष्कर्म किया अफसर ने बताया कि आरोपितों के बैंक खाते पारिवारिक ब्योरा सीडीआर खंगाल चुकी है।
कानपुर, जेएनएन। शहर में लव जिहाद के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नया मामला नौबस्ता का है, जहां रहने वाली शादीशुदा महिला को युवक ने अपनी पहचान छुपाकर प्रेम जाल में फंसा लिया और उसके साथ दुष्कर्म भी किया। अब वह महिला पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है। बुधवार को भेद खुल जाने पर स्वजन ने हंगामा किया। हालांकि लोकलाज के डर से महिला के घरवालों ने शिकायत दर्ज नहीं कराई।
हंसपुरम नौबस्ता में रहने वाली शादीशुदा महिला का भाई टेंपो चलाता है। भाई का टेंपो चालक दोस्त अपना नाम बदलकर उसके घर आने जाने लगा। इस दौरान टेंपो चालक ने दोस्त की विवाहित बहन को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। बुधवार को महिला के स्वजन ने पनकी में दोनों को एक साथ पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। पूछताछ में पता चला कि युवक दूसरे धर्म का है। महिला ने भी बताया कि उसने अपना नाम बदलकर अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अब वह उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था। पनकी एसओ अतुल कुमार ने बताया कि महिला और टेंपो चालक को पनकी में घूमते पकड़ा गया था। तहरीर न मिलने पर दोनों को छोड़ दिया गया।
आरोपितों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही एसआइटी
लव जिहाद के मामलों में एसआइटी आरोपितों और संदिग्धों के केबैंक खाते, संपर्क खंगालने के बाद अब सोशल मीडिया अकाउंट खंगालने में जुटी है। अब तक दो हजार अकाउंट खंगाले जा चुके हैं।
बर्रा की शालिनी यादव का धर्म परिवर्तन कराए जाने की घटना के बाद लव जिहाद के मामलों की संख्या बढ़ी है। संगठनों की शिकायत पर आइजी मोहित अग्रवाल ने आठ सदस्यीय टीम का गठन किया था, जिसमें एसपी साउथ दीपक भूकर को नोडल अफसर बनाया गया था। नोडल अफसर ने बताया कि जबरन धर्म परिवर्तन के मामलों में आरोपितों के बैंक खाते, पारिवारिक ब्योरा, सीडीआर खंगाली जा चुकी है। अब उनके वास्तविक नाम और बदले गए नाम के आधार पर तैयार किए गए सोशल मीडिया अकाउंट देखे जा रहे हैं।