38 वर्षो से स्वर्ण पदकों की शतकीय पारी
जागरण संवाददाता, कानपुर: अंतराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाने वा
जागरण संवाददाता, कानपुर: अंतराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाने वाले आर्डिनेंस फैक्ट्री के संजय सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं है। उन्होंने शॉटपुट व डिस्कस थ्रो में 38 वर्षो तक अपनी बादशाहत कायम रखी। 60 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस युवाओं के लिए नजीर है। अब वह इस विधा में नये खिलाड़ियों को पारंगत कर रहे हैं।
मूलरूप से जौनपुर के रहने वाले संजय कुमार सिंह को खेल पैतृक विरासत के रूप में मिला है। बाबा स्व. ठाकुर जवाहरी सिंह अंग्रेजो के जमाने में खेलते थे उनके खेल से खुश होकर अंग्रेजों ने उन्हें कोतवाली में दरोगा बना दिया था। पिता स्व. उदयभान सिंह शाटपुट के शानदार खिलाड़ी थे। विरासत के रूप में मिले खेल को संजय ने अपनी मेहनत और लगन से आगे बढ़ाया। संजय ने वर्ष 1973 से खेलना शुरू किया। वर्ष 1980 में स्पोर्ट्स कोटे से आर्डिनेंस फैक्ट्री में नौकरी लग गई। तब से लेकर अब तक अखिल भारतीय आयुध निर्माणियां एवं आयुध उपस्कर द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में लगातार स्वर्ण पदक जीतते चले आ रहे हैं। दिसंबर 2017 में वह रिटायर हो गये लेकिन मैदान में अभ्यास रोजाना की तरह जारी है।
महत्वपूर्ण उपलब्धियां
-36 वर्षो तक ऑल इंडिया आर्डिनेंस एंड आर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्रीज एथलेटिक मीट में गोल्ड मेडल
-37 वीं आल इंडिया आर्डिनेंस एंड आर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्रीज व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मेडल
-21 गोल्ड मेडल जीतने पर लाइफ टाइम अवार्ड से नवाजा गया
-यूपी स्टेट ओपन एथलेटिक चैंपियनशिप 1983 की व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण
-हैदराबाद में हुए 24 वें नेशनल गेम में शॉटपुट में रिकार्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल
-सिंगापुर में हुए एशियन मास्टर्स एथलेटिक 2016 में स्वर्ण पदक