कानपुर में सीबीएसई स्कूलों ने निकाला पढ़ाई कराने का दूसरा नया रास्ता, जानें क्या है तैयारी
कानपुर प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन में उपाध्यक्ष अजीत अग्रवाल ने बताया कि शहर में ईस्ट वेस्ट नार्थ व साउथ जोन बनाने की तैयारी है। एक जोन में 20 से अधिक स्कूलों को सॉफ्टवेयर के जरिए आपस में जोड़ा जाएगा।
कानपुर, [समीर दीक्षित]। कोरोना महामारी के चलते सीबीएसई स्कूलों में प्रवेश न के बराबर होने से परेशान प्रबंधकों ने स्कूलों का क्लस्टर बना शैक्षिक गतिविधियां संचालित करने की योजना बनाई है। जिले में ऐसा पहली बार होगा, जब 100 से अधिक स्कूलों को जोन में बांटकर विशेषज्ञों के लेक्चर, परीक्षाएं समेत अन्य गतिविधियां एक साथ कराई जाएंगी।
चार जोन होंगे, प्रत्येक में 20 स्कूल: कानपुर प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन में उपाध्यक्ष अजीत अग्रवाल ने बताया कि शहर में ईस्ट, वेस्ट, नार्थ व साउथ जोन बनाने की तैयारी है। एक जोन में 20 से अधिक स्कूलों को सॉफ्टवेयर के जरिए आपस में जोड़ा जाएगा। डी-सेंट्रलाइज व्यवस्था के तहत विशेषज्ञों के लेक्चर (ऑडियो व वीडियो), परीक्षाएं व अन्य गतिविधियां एक साथ कराई जाएंगी।
इसलिए पड़ी जरूरत: एसोसिएशन के महासचिव बलविंदर सिंह ने बताया कि प्रवेश कम होने से स्थितियां बिगड़ गई हैं। ऐसे में स्कूलों को खर्चे सीमित करने होंगे। जब पाठ्यक्रम समान है, तो पढ़ाई व अन्य गतिविधियां एक साथ कराई जा सकती हैं।