दूसरे दिन सुबह 57 यात्रियों को लेकर उड़ी दिल्ली की फ्लाइट, पहिये में आ गई थी खराबी
कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट में सोमवार को आए विमान को रनवे पर एप्रेन तक ले जाते समय अचानक पहिया जाम होने से फ्लाइट निरस्त कर दी गई थी और तकनीकी टीम ने खामी दुरुस्त करने का प्रयास शुरू किया था जिसकी वजह निरस्त हो गई थी।
कानपुर, जेएनएन। दिल्ली से आए स्पाइस जेट के विमान का अगला पहिया जाम होने से सोमवार को निरस्त फ्लाइट ने मंगलवार की सुबह तय समय पर दिल्ली के लिए उड़ान भरी। कंपनी के इंजीनियरों ने रात में तकनीकी खामी दूर कर ली थी।
दिल्ली-कानपुर-दिल्ली की फ्लाइट सोमवार की दोपहर चकेरी एयरपोर्ट पहुंची। रनवे पर उतरकर विमान को एप्रेन तक ले जाया जा रहा था, इसी दौरान अगला पहिया अचानक जाम हो गया और उससे आवाज आने लगी थी। पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना और विमान को रनवे और एप्रेन के बीच रोक दिया। यात्री परेशान होने लगे तो उन्हें पहिए में आयी तकनीकी खामी की जानकारी दी गई। इसके बाद यात्री शांत हुए और फ्लाइट से उतरकर प्रतीक्षालय पहुंचे।
जानकारी के बाद विमान के इंजीनियर मौके पर पहुंचे और जैसे तैसे उसे एप्रेन तक लाए थे। विमान कंपनी के इंजीनियर शाम चार बजे तक तकनीकी खामी दूर नहीं कर पाए थे, जिसके बाद दिल्ली की फ्लाइट निरस्त कर दी गई थी। इसपर 23 यात्रियों ने टिकट का पैसा वापस ले लिया था, जबकि 57 यात्रियों ने दिल्ली जाने की सहमति दी थी। एयरपोर्ट डायरेक्टर बीके झा ने बताया कि विमानन कंपनी के इंजीनियरों ने रात में पहिए की खामी को दूर कर लिया था। मंगलवार को विमान अपने तय समय सुबह 9 बजे दिल्ली के लिए चला गया।