गोविंद नगर उपचुनाव : बसपा 146 और सपा 31 बूथों पर नहीं लांघ सकी दहाई का आंकड़ा Kanpur News
तीन बूथों पर बसपा को शून्य और एक बूथ पर अधिकतम 97 मत ही मिले।
कानपुर, जेएनएन। गोविंदपुर उपचुनाव के परिणाम ने सपा और बसपा दोनों दलों को चिंता बढ़ा दी है। दरअसल कुल 349 बूथों में बसपा 146 बूथों पर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाई, जबकि सपा 31 बूथों पर दहाई से नीचे रही। तीन बूथ तो ऐसे रहे जहां बसपा का खाता ही नहीं खुला। बसपा किसी भी बूथ पर सौ मत हासिल नहीं कर सकी, जबकि सपा ने 20 बूथों पर सौ से अधिक मत पाए।
बसपा प्रत्याशी देवी प्रसाद तिवारी को इस उपचुनाव में कुल 1,19,219 वैध मतों में सिर्फ 5434 वोट ही मिले। पार्टी को सर्वाधिक 97 मत गुजैनी में बूथ संख्या 299 पर मिले। इसके अलावा फ्लोरेस्ट इंटर कॉलेज एफ ब्लाक पनकी के बूथ संख्या 140, हर मिलाप मिशन स्कूल दबौली के बूथ संख्या 239 और विशंभर नाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतनलालनगर के बूथ संख्या 256 पर पार्टी के खाते में एक भी वोट नहीं आया।
सपा कुछ बेहतर जरूर रही। सपा प्रत्याशी सम्राट विकास को कुल 11915 वोट मिले। हालांकि 31 बूथों पर उन्हें दहाई से भी कम मत मिले और उनकी लड़ाई केवल रावतपुर, मसवानपुर और गुजैनी के मतदान केंद्रों तक ही सिमटी नजर आई। सपा किसी भी बूथ पर 200 मत तक नहीं पहुंच पाई।