बिठूर में किसान की हत्या, सुराग तलाशते महिला के घर जाकर रुका डॉग स्क्वायड
बिठूर के पारा प्रतापपुर गांव में बागीचे में किसान का शव पड़ा मिला और पास में ही पेड़ से लगी उसकी साइकिल खड़ी और डायरी व कागजात फैले मिले। पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पड़ताल की।
कानपुर, जेएनएन। बिठूर थाना क्षेत्र के पारा प्रतापपुर गांव में किसान की ईंट से कुचलकर हत्या की वारदात की जानकारी होते ही सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ एकत्र हाे गई। पुलिस को बागीचे में शव के पास ही साइकिल खड़ी मिली और डायरी व कुछ कागजात पड़े मिले। फोरेंसिक टीम के साथ आया डॉग स्क्वायड सुराग तलाशते हुए एक महिला के घर पर जाकर रुक गया। पुलिस को महिला पर संदेह बना है और ग्रामीणों ने भी किसान और महिला के बीच संबंध होने की जानकारी दी है।
पारा प्रतापुपर गांव में रहने वाले 65 वर्षीय रामबाबू शुक्ला खेती-किसानी करके परिवार चला रहे थे। घर पर पत्नी सुधा व बेटा रत्नेश रहता और शादीशुदा बेटी रत्ना भी मायके में ही रहती है।पत्नी सुधा ने बताया शुक्रवार को 9 बजे सुबह पति मंधना किसी काम से गए थे। शाम तक जब वापस नही लौटे तो ढूढ़ना शुरू किया। मोबाइल से संपर्क किया तो रात 8 बजे उन्होंने चंदुला गांव में होने की जानकारी दी थी। सुबह ग्रामीणों ने उनका शव पारा प्रतापपुर गांव में बागीचे में पड़ा होने की जानकारी दी।
शुक्रार रात ही किसी ने रामबाबू की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी और शव चंदुला गांव को जाने वाली पगडंडी के पास बगीचे में पड़ा मिला। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर आई बिठूर पुलिस ने फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। सुराग तलाशते हुए डॉग स्क्वायड चंदुला गांव में एक महिला के घर पर जाकर रुक गया। पूछताछ में सामने आया कि रामबाबू और महिला के संबंध थे और वह अक्सर गांव आता था।
कुछ लोगों ने बताया कि महिला से पैसे का लेनदेन था। शव के पास कुछ कागजात और मोबाइल पड़ा मिला है, वहीं पास में एक पेड़ के सहारे उनकी साइकिल टिकी खड़ी थी। स्वजनों का आरोप है कि पैसे के लेनदेन वाली डायरी गायब और झोले के कागज फैले पड़े थे। मंधना में जीटी रोड किनारे स्थित ढाबे के संचालक ने बताया शुक्रवार शाम पांच बजे तक रामबाबू ढाबे पर थे। थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसान का महिला से संबंधों का पता किया जा रहा है। जांच के बाद ही असलियत सामने आएगी।