यहां पर रिश्तों का हुआ कत्ल, भाई व पति ने मिलकर महिला का गला घोटा Hamirpur News
जमीनी विवाद के चलते घटना को दिया अंजाम पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया।
हमीरपुर, जेएनएन। सात जन्मों तक साथ रहने की कसम खाने वाले एक पति और कलाई पर राखी बंधवाकर रक्षा का बचन देने वाले भाई ने मिलकर महिला की गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। मृतका की मां ने अपने दामाद, बेटे व उसके दो सालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्यारोपित महिला के पति व भाई को हिरासत में ले लिया है।
कुरारा थाने के शिवनी गांव निवासी 35 वर्षीय सोनी सिंह पत्नी जयनारायन सिंह तीन वर्ष से सुमेरपुर कस्बे में एक किराये के मकान में रहकर अपने बच्चों को पढ़ा रही थी। शुक्रवार सुबह महिला के दोनों बच्चे स्कूल गए थे। तभी वहां पहुंचे महिला के भाई कंचन सिंह व पति जयनारायन का सोनी से विवाद होने लगा। तेज आवाजें सुन मकान मालकिन ने इसकी जानकारी अपने पति को दी। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस पहुंची तो सोनी की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने मौके पर मौजूद उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं भाग रहे भाई कंचन को भी कमलेश तिराहे के पास दबोच लिया। सोनी की मां कृष्णा देवी निवासी भौनिया थाना सुमेरपुर ने अपने दामाद, बेटे व उसके दो सालों पर जमीन के लालच में हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष सुमेरपुर गिरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीने का लती है कंचन सिंह
कृष्णा देवी के अनुसार उसका बेटा शराब पीने का लती है। उसके पति की मौत के बाद बेटी सोनी ही उसकी देखभाल करती थी। कंचन आए दिन उससे जमीन नाम कराने की बात कहता था। गुरुवार को भौनियां गांव में कंचन व जयनारायन का सोनी और उससे विवाद हुआ। जिसके बाद सोनी सुमेरपुर चली गई थी।
पति से कम मतलब रखती थी सोनी
सोनी का पति जयनारायन कुरारा कस्बे में फोटोकॉपी की दुकान किए है। वहीं सोनी पिता की मौत के बाद से अपनी मां की देखभाल व दो बच्चों की पढ़ाई को लेकर सुमेरपुर में रहती थी। उसकी पति से कम बनती थी। जिसके चलते उसका पति कभी कभार ही कस्बे जाकर अपनी पत्नी व बच्चों से मिलता था।