बाइक मांग रहे दहेज लोभियों को दुल्हन ने बैरंग लौटाया
दूल्हे के पिता मांग रहे थे महंगी बाइक, दोनों पक्षों में हुई मारपीट। पुलिस ने समझौता कराया पर दुल्हन ने शादी करने से किया इंकार
संवाद सहयोगी, भोगनीपुर (कानपुर देहात) : पुखरायां के एक गेस्ट हाउस में सोमवार को आई बरात में दहेज में बाइक न देने को लेकर हुए विवाद के बाद कन्या और वर पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। इसके बाद दुल्हन ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। दुल्हन द्वारा शादी से इंकार करने पर बरात वहां से बिना दुल्हन के ही बैरंग वापस लौट गई।
जालौन के कदौरा थानांतर्गत गर्रेही गांव के अर¨वद विश्वकर्मा की बेटी की शादी सोमवार को पुखरायां के शिवाजी नगर निवासी प्रहलाद के पुत्र रंजीत से होनी थी। शादी समारोह पुखरायां के शिवाजी नगर स्थित एक गेस्ट हाउस से था। देर शाम बरात गेस्ट हाउस पहुंची तो लड़की पक्ष ने स्वागत किया। द्वारचार के समय प्रहलाद ने दुल्हन के पिता अर¨वद से दहेज के सामान की सूची मांगी। अर¨वद ने बताया, रुपये कम होने के कारण वह अपाचे बाइक नहीं ला सके हैं। 50 हजार रुपये ले लो और कोई दूसरी बाइक ले लेना। यह सुनते ही प्रहलाद भड़क गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इससे प्रहलाद, उनके बड़े भाई ध्रुव, छोटे भाई शैलेंद्र तथा दूसरे पक्ष के अर¨वद, उसके चचेरे भाई कल्लू, अजय और लक्की को चोटें आईं। गेस्ट हाउस संचालक सुरेन्द्र मिश्रा की सूचना पर पुखरायां चौकी इंचार्ज उमेश चन्द्र शर्मा पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाया लेकिन दुल्हन ने कहा कि वह दहेज लोभियों से शादी नहीं करेगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर समझौता करा दिया। कन्या पक्ष अपना सामान लादकर गांव लौट गया, जबकि बरात बिना दुल्हन बैरंग वापस लौट गई।