चित्रकूट: बोरिंग मशीन के ट्रैक्टर की छतरी हाइटेंशन लाइन में चपकी, दो मजदूरों की झुलस कर हुई मौत
भरतकूप के गोड़ा पहाड़ में ग्रेनाइट की खदान में ब्लास्टिंग के लिए बोर कर करीब चार बजे बोरिंग मशीन का ट्रैक्टर लौट रहा था। जैसे गोड़ा रोड में राष्ट्रीय राजमार्ग से दौ सो मीटर पहले पहुंचा तो ट्रैक्टर की छतरी 11 हजार विद्युत (हाईटेंशन) लाइन में छू गई।
चित्रकूट, जागरण संवाददाता। भरतकूप थाना क्षात्रा के गोड़ा में बोरिंग मशीन के ट्रैक्टर की छतरी हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि चालक कूद कर भाग गया है। मृतक मजदूर मध्यप्रदेश के कटनी जिला के बताए जा रहे हैं।
भरतकूप के गोड़ा पहाड़ में ग्रेनाइट की खदान में ब्लास्टिंग के लिए बोर कर करीब चार बजे बोरिंग मशीन का ट्रैक्टर लौट रहा था। जैसे गोड़ा रोड में राष्ट्रीय राजमार्ग से दौ सो मीटर पहले पहुंचा तो ट्रैक्टर की छतरी 11 हजार विद्युत (हाईटेंशन) लाइन में छू गई। ट्रैक्टर में बैठे 26 वर्षीय रामकुशल पुत्र रमेश केवट और 23 वर्षीय संजय केवट पुत्र प्रमोद केवट ने झुलस कर मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि चालक ट्रैक्टर से कूद कर भाग गया। मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश प्रसाद गुप्ता ने चालक का पता लगाया लेकिन उसको कोई पता नहीं चला। सीओ सिटी ने बताया कि ट्रैक्टर में चालक के पीछे संजय और रामकुशल नंगे पैर बैठे थे जबकि चालक जूता पहने था और स्टेयरिंग में भी रबर चढ़ी थी जिससे वह करंट की चपेट में नहीं आया। जबकि दोनों मजदूर झुलस गए। यह देख चालक ट्रैक्टर से कूद कर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। बताया कि दोनों मृतक मजदूर मध्यप्रदेश कटनी जिला के बताए जा रहे हैं। बोरिंग मशीन जिला सतना के मझगवां निवासी नमन शर्मा की है। उनसे संपर्क किया जा रहा है। ताकि मजदूरों के पूरा पता मिल सके। बताया कि करंट इतना शक्तशाली था कि ट्रैक्टर के दोनों अगले टायर जल गए गए। जबकि पिछला पहिया के बांया टायर भी थोड़ा जल गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों मृतकों के शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उस खदान मालिक का भी पता किया जा रहा है जिसके यहां बोर कर मशीन लौट रही थी।