उपचुनाव : सीएम की सभा में भीड़ जुटाकर गोविंद नगर सीट में बढ़त बनाना चाह रही भाजपा Kanpur News
16 को आएंगे योगी आदित्यनाथ उत्तर और दक्षिण जिले की संयुक्त बैठक में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी।
कानपुर, जेएनएन। गोविंदपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए 16 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा के लिए भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी इस कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटाकर उपचुनाव के लिए बढ़त हासिल करने की तैयारी में है। शनिवार को उत्तर और दक्षिण जिले की संयुक्त बैठक में मोर्चा प्रकोष्ठों तक के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवीन मार्केट स्थित उत्तर के कार्यालय में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि सीएम के आगमन पर सभी जिम्मेदार पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं संयोजक कार्यकर्ताओं को सूचीबद्ध करके शामिल कराएंगे। उत्तर जिले के उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन पांडेय, जगदीश तिवारी एवं दक्षिण के उपाध्यक्ष अचल गुप्ता, रघुराज शरण गुप्ता को कार्यकर्ताओं की मानीटङ्क्षरग की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में हेलीपैड से मंच तक की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता दक्षिण जिला अध्यक्ष अनीता गुप्ता ने की। सत्येंद्रनाथ पांडेय, विधायक महेश त्रिवेदी, पूनम कपूर, शिवराम सिंह मौजूद रहे।
जनजागरण गोष्ठी आज, आएंगे पंकज सिंह
जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के ऐतिहासिक फैसले को लेकर भाजपा पूरे देश में राष्ट्रीय एकता जनजागरण अभियान चला रही है। इस कड़ी में रविवार को शाम चार बजे प्रबुद्धजन का सम्मेलन विजय नगर के एक गेस्ट हाउस में हो रहा है। प्रदेश महामंत्री एवं विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि होंगे। भाजपा संगठन ने शनिवार को इस बैठक की तैयारी की।