लॉकडाउन में भाजपा विधायक हुए हाईटेक, अब फेसबुक लाइव पर ऑनलाइन जनता दरबार
गोविंद नगर विधायक ने फेसबुक लाइव पर जनता की समस्याएं सुनना शुरू कर दिया है।
कानपुर, जेएनएन। लॉकडाउन में कोरोना वायरस से बचाव के साथ जब फैक्ट्रियों में शर्तों के साथ कामकाज शुरू हो रहा है तब जनप्रतिनिधि भी सोशल साइट्स के जरिए अपनी गतिविधियां बढ़ा रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के बाद विधायक और संगठन के पदाधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग शुरू कर दी है। गोविंद नगर विधायक सरेंद्र मैथानी ने एक नई पहल की है, वह अब फेसबुक लाइव से जनता के सम्मुख आ रहे हैं तो वीडियो कांफ्रेंसिंग से पदाधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं।
रविवार को विधायक सुरेंद्र मैथानी ने विधानसभा क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों व पार्षदों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग पर वार्ता की। इसके बाद फेसबुक लाइव के जरिए जनता से मुखातिब होकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि अब वे रोज दोपहर 12 से एक बजे तक इसी तरह फेसबुक पर लाइव रहेंगे। जनता की जो भी समस्या हैं वह उन्हें बताए। वह उन्हें दूर कराने का पूरा प्रयास करेंगे। 14 मई से लगातार, रोज शाम 4:00 बजे, "ऑनलाइन जनता दरबार' वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लगाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने दो मोबाइल नंबर 8808145678 , 0512-2212345 भी जारी किए। कहा कि इन नंबरों पर खुद को जोड़ने के लिए कोई भी आम आदमी अपना नंबर वाटसएप या एसएमएस के जरिए दे सकता है।