गोविंद नगर सीट को लेकर भाजपाई बेचैन, आज डिप्टी सीएम केशव मौर्य के सामने करेंगे चर्चा
स्वागत के लिए दावेदार तैयार चेहरा दिखाने की तैयारियों पर जोर आगामी योजना व कार्यक्रमों पर पदाधिकारियों संग करेंगे मंथन।
कानपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत से भाजपाइयों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उत्साह और उल्लास के साथ भाजपाई गुरुवार को कई दिन बाद शहर आ रहे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का स्वागत करेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपाइयों ने बुधवार को कार्ययोजना तैयार कर ली है। हालांकि मौर्य सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच होंगे, इसलिए यह चर्चा भी जोरों पर है कि बैठक में गोविंदनगर सीट पर होने वाले उपचुनाव पर बात होगी।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी में इस समय माहौल बहुत अच्छा है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 10 सीटों पर भाजपा ने अपना परचम लहराया। इससे पहले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा था, इसलिए इस उपचुनाव सीट पर पार्टी चाहेगी कि यहां भी कमल खिले। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सामने उपचुनाव वाली सीट पर जो समीकरण हैं, उनको वरिष्ठ पदाधिकारी साझा कर सकते हैं। साथ ही जो दावेदार हैं, उन्होंने भी स्वागत के बहाने अपना चेहरा दिखाने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उनका भव्य स्वागत करेंगे। साथ ही जो पार्टी की आगामी योजनाएं व कार्यक्रम होने हैं उनके विषय में भी बात होगी।
दूसरे संगठनों में गतिविधियां हुईं तेज
कुछ दिन पहले यह बात सामने आई कि गोविंद नगर सीट पर उपचुनाव सितंबर में हो सकते हैं, इसलिए भाजपा के अलावा कांग्रेस, सपा-बसपा में भी गतिविधियां तेज हुईं। पार्टियों की ओर से दावेदारों की तलाश शुरू हो गई है। वहीं दावेदार भी अपने आकाओं से टिकट की आस में मुलाकात कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप