भाजपा) ज्यादा से ज्यादा युवाओं को बनाएं मतदाता : संजीव
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी ने पार्टी पदाधिकारियों से की अपील
-भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी ने पार्टी पदाधिकारियों से की अपील
-पटना से लखनऊ जाते समय कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हुआ स्वागत
जागरण संवाददाता, कानपुर : विधानसभा चुनाव से पहले हमें मतदाता सूची में युवाओं के नाम बढ़ाने के दो मौके मिलेंगे और दोनों ही मौकों पर ज्यादा से ज्यादा मतदाता बढ़ाने हैं। यह बात बुधवार को भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया ने सेंट्रल स्टेशन पर स्वागत करने के लिए पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों से कही। वह पटना से आए थे। सेंट्रल स्टेशन पर पदाधिकारियों से मिलने के बाद वह लखनऊ रवाना हो गए।
संजीव चौरसिया ने पदाधिकारियों से कहा कि पार्टी विधान परिषद चुनाव की सभी सीटों पर जीत रही है। मतदाता सूची के संवर्धन के संबंध में उन्होंने कहा कि सूची में नाम बढ़ाने का कार्य हर वर्ष में एक बार होता है, इसलिए विधानसभा चुनाव से पहले दो बार मतदाता सूची में नाम बढ़ाने का मौका मिलेगा। इन दोनों ही अवसरों पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मतदाता बनाना चाहिए। इस वर्ष तो पूरी ताकत से मतदाता सूची संवर्धन में लगें। जब 2021 के अंत में दोबारा मौका मिले तो फिर इसमें पूरी ताकत लगाएं। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जितनी ताकत से इन दोनों वर्ष इस अभियान में जुट जाएंगे, 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में विपक्षी दल उतना पीछे रह जाएंगे। स्टेशन पर उनका स्वागत करने वालों में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष मुखलाल पाल, उत्तर जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, दक्षिण जिलाध्यक्ष बीना आर्या, राजेश भदौरिया, शिवराम सिंह, गुरविदर सिंह छाबड़ा, सत्यम गुप्ता आदि रहे।