कानपुर उत्तर के BJP कार्यालय में लगाई जाएगी स्व.अटल जी की प्रतिमा, जल्द ही होगा अनावरण
BJP Kanpur News अटल जी का छात्र जीवन कानपुर में गुजरा था। शहर के कई हिस्सों में उनकी बैठकी थी और बाद में जब भी वे कानपुर आए तो अपने बहुत से पुराने मित्रों से भी वह मिलते थे।
कानपुर, जेएनएन। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कानपुर से संबंधों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी अब इसे और भी यादगार बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उत्तर जिले के कार्यालय में अटल जी की प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया गया है।
अटल जी का छात्र जीवन कानपुर में गुजरा था। शहर के कई हिस्सों में उनकी बैठकी थी और बाद में जब भी वे कानपुर आए तो अपने बहुत से पुराने मित्रों से भी वह मिलते थे। खुद अटल जी अपने कानपुर के संस्मरणों को तमाम भाजपा नेताओं के बीच बता चुके हैं। अटल जी को लेकर डीएवी कालेज में भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाने की घोषणा प्रदेश सरकार ने की थी। अब नवीन मार्केट स्थित भाजपा उत्तर जिला कार्यालय में अटल जी की प्रतिमा को लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसमें अटल जी की प्रतिमा के लिए आर्डर दिया जा चुका है। फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के नेता पितृपक्ष के गुजरने का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे इसके संबंध में कार्य शुरू कर सकें। पितृपक्ष खत्म होते ही नवरात्र के पहले ही दिन इस प्रतिमा को लगाने के लिए स्थान तैयार होना शुरू हो जाएगा। इसके बाद भाजपा उत्तर जिला इकाई के दो वर्ष 28 नवंबर को पूरे हो रहे हैं, उस दिन पार्टी कार्यालय में प्रतिमा को लगाने के बाद उसका अनावरण किया जाएगा। उत्तर जिला इकाई अपने कार्यकाल में यह एक ऐसा कार्य करना चाह रही है जिससे उसे लंबे समय तक के लिए याद रखा जा सके। पार्टी कार्यालय में सभागार बनाने के बाद जिला इकाई का यह दूसरा बड़ा कार्य होगा। सभागार के साथ डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत भी पार्टी कार्यालय मेें की गई है। इस संबंध में उत्तर जिलाध्यक्ष सुनील बजाज ने कहा कि नवरात्र से काम शुरू कर दिया जाएगा।