अविकसित गांव और बस्तियां तलाशेगी भाजपा
भाजपा विकास का संदेश देकर लोकसभा चुनाव की जमीन तैयार करने की कोशिश कर रही है। सुनील बंसल और अशोक कटारिया ने पदाधिकारियों को रणनीति समझाई।
जागरण संवाददाता, कानपुर : विकास का संदेश देकर भाजपा लोकसभा चुनाव में जीत की जमीन तैयार करने में जुटी है। ग्राम स्वराज अभियान से सरकार के प्रभाव का 'फीडबैक' ले चुकी भाजपा फिर ऐसा ही अभियान शुरू करने जा रही है। इस बार अविकसित गांव और बस्तियों में चौपाल लगाई जाएगी।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों को चुनावी रणनीति समझाने के लिए प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और नए क्षेत्रीय प्रभारी एमएलसी अशोक कटारिया ने रविवार को बैठक की। किदवई नगर स्थित गेस्ट हाउस में हुई बैठक में बंसल ने ग्राम स्वराज अभियान की सभी जिलों की समीक्षा की। इसके बाद बताया कि अब हमें यह देखना है कि हमारे अभियान के बाद गांवों में काम कितने फीसद हो पाए। इसके अलावा अब एक से पंद्रह जून तक सेक्टर और वार्ड स्तर पर अभियान चलेगा। शहरों में जिस तरह वार्ड हैं, भाजपा संगठन के लिहाज से गांवों में वह सेक्टर है। एक पदाधिकारी को चार सेक्टर की जिम्मेदारी दी जाएगी। उनका काम होगा कि सेक्टर के किसी एक अविकसित गांव और वार्ड के एक विकसित मोहल्ले या बस्ती की सूची बनाई जाएगी। वहां दोपहर में कार्यकर्ता जाकर क्षेत्रीय लोगों से मिलेंगे, फिर शाम को चौपाल लगाकर योजनाओं की जानकारी देंगे। अफसरों से संपर्क कर खास तौर पर उज्ज्वला, आवास, पेंशन, ओडीएफ योजना का लाभ जनता को दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों को क्रॉस चेक कर लें, क्योंकि जून में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बूथ सम्मेलन के लिए आ सकते हैं। आगामी समय में पार्टी प्रबुद्ध व युवा वर्ग के लिए कार्यक्रम करेगी।
एमएलसी अशोक कटारिया ने पदाधिकारियों को बताया कि नरेंद्र मोदी एप को अपडेट किया गया है। अब उसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का फीचर जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री किसी भी कार्यकर्ता से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सकते हैं। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने की। संचालन मुखलाल पाल और वंदे मातरम् गायन आलोक मिश्र ने किया।
---
यह भी रहे मौजूद
क्षेत्रीय महामंत्री संगठन ओमप्रकाश श्रीवास्तव, रंजना उपाध्याय, सलिल विश्नोई, प्रकाश पाल, सुब्रत पाठक, देवेश कोरी, डॉ. बीना आर्या, आनंद राजपाल, शैलेंद्र शुक्ला, पर्वत सिंह यादव, नागेंद्र गुप्ता, रामलखन रावत, मोहित पांडेय आदि।