भाजपा में दावेदारों की लंबी थी कतार, ... तो इसलिए जताया सुरेंद्र मैथानी पर भरोसा Kanpur News
भाजपा कानपुर उत्तर जिलाध्यक्ष को टिकट मिलने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार।
कानपुर, जेएनएन। गोविंदनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का टिकट मांगने वालों की कतार भाजपा में खासी लंबी थी। बावजूद इसके भाजपा ने टिकट दिया आठ साल से महानगर और जिले की कमान संभाल रहे सुरेंद्र मैथानी को। इस फैसले के गहरे निहितार्थ हैं, इससे पार्टी ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि यदि वह अच्छा काम करते रहेंगे तो वक्त पर उन्हें सम्मान जरूर मिलेगा।
सुरेंद्र मैथानी पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी टिकट के दावेदार थे। उनके जिलाध्यक्ष रहते हुए चुनावों में पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की। संगठन निचले स्तर तक मजबूत हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अमित शाह की कई बड़ी और सफल सभाएं हुईं। मैथानी कार्यकर्ताओं की पहली पसंद हैं, यह खबर प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक थी। पदाधिकारियों के मुताबिक पार्टी ने सुरेंद्र मैथानी को टिकट देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है।
ढोल नगाड़ों पर झूमे कार्यकर्ता
टिकट की घोषणा के बाद कार्यकर्ता बड़ी संख्या में ढोल नगाड़ों पर झूमते हुए काकादेव स्थित सुरेंद्र मैथानी के आवास पर पहुंचे। मैथानी ने कहा कि टिकट कार्यकर्ताओं को मिला है। बूथ पर वही चुनाव लड़ेंगे, वही जिताएंगे। वह हमेशा की तरह कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधि बनकर रहेंगे। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह से मुलाकात की और बाबा आनंदेश्वर व पनकी धाम मंदिर में दर्शन किए।
भाजपा प्रत्याशी का परिचय
नाम- सुरेंद्र मैथानी पुत्र सच्चिदानंद मैथानी
उम्र- 54 वर्ष
शिक्षा- विधि स्नातक
निवास- नवीन नगर, काकादेव
पद- उत्तर जिलाध्यक्ष
आज कराएंगे नामांकन, शमिल होंगे आबकारी मंत्री
सोमवार को भाजपा प्रत्याशी का नामांकन जुलूस नवीन मार्केट कार्यालय से 10 बजे निकलेगा। इसमें उपचुनाव प्रभारी नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री भी शामिल होंगे। यह जानकारी प्रवक्ता अनूप अवस्थी ने दी।