स्मार्ट सिटी के लिए चयनित हुई बिल्हौर और घाटमपुर नगर पालिका, जल्द भेजा जायेगा विकास का प्रस्ताव
कानपुर स्मार्ट सिटी योजना में बिल्हौर और घाटमपुर नगर पालिका परिषद का क्षेत्र भी चयनित कर लिया गया है अब जल्द ही विकास का प्रस्ताव शासन को भेजने की तयारी प्रशासनिक अधिकारियों ने शुरू कर दी है ।
कानपुर, जागरण संवाददाता। की स्मार्ट सिटी योजना के तहत बिल्हौर नगर पालिका परिषद को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए चयनित किया गया है। ईओ ने बताया कि शीघ्र ही विकास के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाएंगे।
नगर पालिका के ईओ विवेक कुमार त्रिवेदी ने बताया कि प्रमुख सचिव अमृत अभिजात की ओर से पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें अगले पांच वर्ष में 220 नगर निकाय जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2022-23 में पहले चरण में 102 नगरीय निकाय को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें कानपुर जिले में बिल्हौर व घाटमपुर नगर पालिका को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत कस्बे में पर्याप्त जलापूर्ति, सुनिश्चित विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, परिवहन व्यवस्था, गरीबों के लिए आवास, स्वच्छ पर्यावरण, महिलाओं, बच्चों और वृद्ध नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य व चिकित्सा की बेहतर व्यवस्था के प्रबंध किए जाएंगे। ईओ ने बताया कि शीघ्र ही विकास कार्यों का प्रस्ताव बनाकर शासन को प्रेषित किया जाएगा।