बिकरू के कम्पोजिट स्कूल की प्रधानाध्यापिका निलंबित, स्कूल में लगा था उत्पीड़न का आरोप
Kanpur Dehat Bikru News प्रधानाध्यापिका पर स्कूल की सहायक अध्यापिकाओं ने कार्यस्थल पर उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। प्रधानाध्यापिका की शिकायत पर एक माह पूर्व गैंगस्टर विकास दुबे की शिक्षिका भांजी को निलंबित किया गया था।बीएसए कार्यालय की ओर से प्रधानाध्यापिका के निलंबन के आदेश जारी किए गए।
कानपुर, जागरण संवाददाता। बिकरू गांव के कम्पोजिट स्कूल की प्रधानाध्यापिका की शिकायत पर करीब एक माह पूर्व कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे की शिक्षिका भांजी के निलंबित होने के बाद शनिवार को प्रधानाध्यापिका का भी निलंबन कर दिया गया। स्कूल की सहायक अध्यापिकाओं ने कार्यस्थल पर प्रधानाध्यापिका द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला मानवाधिकार आयोग में शिकायत की थी। चार सदस्यीय कमेटी की जांच में अनियमितता मिलने पर शनिवार को बीएसए कार्यालय की ओर से प्रधानाध्यापिका के निलंबन के आदेश जारी किए गए।
शिवराजपुर विकासखंड के बिकरू गांव में स्थित कम्पोजिट विद्यालय की सहायक अध्यापिका शीतेश, स्वाती, सारिका व ज्योति वर्मा ने प्रधानाध्यापिका गीता त्रिपाठी पर कार्यस्थल पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए 22 अप्रैल को राज्य महिला आयोग को शिकायत भेजी थी। चार सदस्यीय कमेटी की ओर से दी गई रिपोर्ट में कहा गया कि जांच में सामने आया है कि पिछले वर्षों में शिक्षिकाएं नियमित स्कूल नहीं आती थीं। वहीं, एमडीएम में हरी सब्जियां शामिल नहीं की जातीं। बच्चों ने भरपेट भोजन न दिये जाने के बयान दिए।
जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद प्रधानाध्यापिका गीता त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है। चर्चा है कि प्रधानाध्यापिका गीता की शिकायत पर विकास दुबे की शिक्षिका भांजी को डीएम ने निलंबित किया था, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है। हालांकि, अधिकारी इस बात की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।