Bikru Case: कल्याणपुर पुलिस पर हमले में बिकरू कांड के एक और आरोपित के खिलाफ आरोप तय
Bikru Case विकास दुबे के गुर्गे पर पुलिस ने घोषित किया था 25 हजार इनाम। घटना के तीन दिन बाद पकडऩे पर कल्याणपुर पुलिस पर चलाई थी गोली। सहायक शासकीय अधिवक्ता भास्कर मिश्रा ने बताया कि सुनवाई के लिए यह मामला सत्र न्यायालय भेजा गया।
कानपुर, जेएनएन। बिकरू कांड में शामिल रहे एक और आरोपित पर गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर हमले के मामले में अदालत में आरोप तय कर दिए गए। ये मुकदमा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार खरवार की अदालत में चल रहा है।
पिछले वर्ष दो जुलाई की रात गैैंगस्टर विकास दुबे के साथ उसके गुर्गे दयाशंकर अग्निहोत्री ने भी पुलिस पर हमला किया था। इस हमले में आठ पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे। इस मामले में कल्याणपुर पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद पांच जुलाई को शिवली रोड जवाहरपुरम मोड़ के पास से 25 हजार के इनामी दयाशंकर को गिरफ्तार किया था। बतौर आरोप पुलिस ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण को कहा तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई तो पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। सहायक शासकीय अधिवक्ता भास्कर मिश्रा ने बताया कि सुनवाई के लिए यह मामला सत्र न्यायालय भेजा गया। सुनवाई की पहली तारीख पर ही विचारण के लिए आरोप तय कर दिए गए। मामले पर अगली सुनवाई 18 जनवरी को होगी।