फतेहपुर में बड़ा हादसा, बाइक में टक्कर मारकर चार महिलाओं पर चढ़ा दी बोलेरो, तीन की मौत
गांव की चार महिलाएं बैंक से रुपये निकलने जाते समय रास्ते में हादसे का शिकार हो गईं पुलिस बोलेरो चालक की तलाश कर रही है।
फतेहपुर, जेएनएन। जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार चलाक ने बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद सड़क पर पैदल जा रहीं चार महिलाओं को रौंद दिया। हादसे में दो महिलाओं और बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में दो महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू की है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मकदीपुर में रहने वाली 40 वर्षीय अनीता देवी पत्नी राजकुमार पासवान, 45 वर्षीय शांती देवी पत्नी वीरेंद्र पासवान, 30 वर्षीय फूलमती पत्नी दिनेश पासवान तथा 50 वर्षीय फूलमती पत्नी राममनोहर बुधवार की सुबह करीब दस बजे पैदल सड़क किनारे अल्लीपुर स्थित बैंक से पैसे निकालने जा रही थी। मकदीपुर के रहने वाले 50 वर्षीय जमुना प्रसाद अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। बहेरा चौकी चौराहे के नजदीक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को टक्कर मारते हुए चारों महिलाओं को रौंद दिया। हादसे में अनीता, शांती देवी और बाइक सवार जमुना प्रसाद की मौत हो गई। वहीं अन्य दो महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे के बाद बोलेरो को मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के गांव के लोगों और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस घायल महिलाओं को हथगाम सीएचसी भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। थाने के प्रभारी निरीक्षक एके मिश्र ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।